शामली/थानाभवन। थानाभवन थानाक्षेत्र के गांव हिंड में पंचायत भवन के परिसर में रह रहे दूसरे वर्ग के परिवार की महिलाओं ने वसंत के उपले उठाकर फेंक दिए, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत किया और वसंत को रखवाया। वहीं, ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे और पंचायत भवन में अवैध तरीके से कब्जे का आरोप लगाते हुए हंगामा-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के हंगामे के बाद राजस्व टीम ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर पंचायत भवन को खाली कराया।
गांव हिंड में पंचायत भवन पर वसंत पंचमी पर रविवार शाम को परंपरागत तरीके से वसंत रखा गया था। आरोप है कि पंचायत घर में रह रहे दूसरे वर्ग के परिवार की महिलाओं ने इसका विरोध करते हुए वसंत के उपलों को उठाकर फेंक दिया। इस पर गांव में हंगामा खड़ा हो गया। दोनों वर्ग के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए और गांव में सांप्रदायिक तनाव के हालात बन गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इस मामले की रिपोर्ट एसडीएम को भेजी जाएगी। पुलिस ने पंचायत भवन परिसर पर वसंत को फिर रखवा दिया। उधर, दूसरे वर्ग के लोगों ने भूमि पर अपना हक बताया था, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
सोमवार सुबह ग्रामीण व महिलाएं ट्रैक्टर-ट्राली से कलक्ट्रेट पहुंचे और हंगामा-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एडीएम संतोष कुमार सिंह को दिए शिकायती पत्र में कहा कि पंचायत भवन परिसर में पहले से ही होलिका डाली जाती है, लेकिन तीन वर्ष से पंचायत भवन में दूसरे वर्ग के लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। इनकी शिकायत पूर्व में कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनके परिवार की एक महिला पूर्व में गंभीर अपराध में जेल भी गई थी, जो लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को वसंत रखने के दौरान वहां रहने वाले दूसरे वर्ग के लोगों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला करने की कोशिश भी की। ग्रामीणों ने पंचायत भवन को कब्जा मुक्त कराने व आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक कार्रवाई नहीं होती तब तक वे कलक्ट्रेट से नहीं जाएंगे। ग्रामीण कलक्ट्रेट में ही धरना देकर बैठ गए। इसके बाद एसडीएम सदर विनय प्रताप भदौरिया पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे और पंचायत भवन को कब्जा मुक्त कराया। कलक्ट्रेट पहुंचने वाले ग्रामीणों में सुभाष, जयभगवान, ओमकुमार, अशोक, राजपाल रविंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
20 लोगों को मुचलका पाबंद किया
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि हिंड में परंपरागत जहां भी वसंत रखा जाता है, वहीं पर रखवाया गया ह्रै। गांव में शांति बनी हुई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंचायत भवन में रहने वाले परिवार के पक्ष के 20 लोगों को नोटिस देकर उनके खिलाफ मुचलका पाबंद की कार्रवाई की गई है।
गांव में बनाई निगरानी समिति
गांव हिंड में पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था के लिए निगरानी समिति बनाई है। समिति में प्रधान पति इकबाल, पूर्व प्रधान यामीन, अरविंद, दिलशाद समेत कई लोगों को शामिल किया गया है। यह समिति पंचायत भवन व वहां रखे वसंत की निगरानी करेगी। अगर कोई खुराफात करता है उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाएगी। पुलिस भी समय-समय पर आकर निगरानी करती रहेगी।
पिछले साल समय से पहले जला दी थीं होलिका
कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल समय से पहले होलिका दहन कर दिया गया था। उस समय भी माहौल खराब होने से बचा था और पुलिस ने पहुंचकर शांति व्यवस्था बनाई थी। ग्राम प्रधान हनीफा का कहना है कि उनकी तरफ से पंचायत भवन को खाली कराने के लिए पूर्व में कई बार अधिकारियों को शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पाई थी।
एडीएम संतोष कुमार सिंह ने कहना है कि पंचायत भवन में अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीण शिकायत लेकर आए थे। इसके बाद एसडीएम को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजकर पंचायत भवन को कब्जामुक्त करा दिया गया है।
कलक्ट्रेट में एडीएम को शिकायत करते हिंड के ग्रामीण।संवाद- फोटो : संवाद