शामली/कैराना। दो दिन पहले मोबाइल फोन पर धमकी भरा स्टेटस लगाने पर दो पक्षों में हुए विवाद के समझौते के लिए गांव मन्ना माजरा पहुंचे दोनों पक्षों के लोगों के बीच संघर्ष हो गया। लाठी डंडे चले और जमकर फायरिंग हुई। दो युवक गोली लगने से घायल हो गए जबकि एक अन्य युवक मारपीट में घायल हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से करीब छह खोखा कारतूस, दो बाइक बरामद कर चार युवकों को हिरासत में लिया है।
कस्बा कैराना निवासी युवक ने दो दिन पहले मोबाइल फोन पर धमकी भरा स्टेटस लगाया था। इसे लेकर बाद दो पक्षों में तनातनी हो गई थी। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव मन्नामाजरा में बाहरी छोर पर स्थित व्यक्ति के मकान पर दोनों पक्षों के लोग समझौते के लिए एकत्र हुए थे।
पुलिस के मुताबिक समझौते के दौरान दोनों पक्षों में गाली गलौज और मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में फायरिंग हुई। फायरिंग में गांव मन्ना माजरा निवासी राकिब के कूल्हे पर गोली लगी तथा गांव जहानपुरा निवासी रिजवान के सिर में चोट और पैर में गोली लगी। इसी पक्ष के मोहल्ला आलकलां निवासी परवेज भाटी भी मारपीट के दौरान सिर में चोट लगने से गंभीर घायल हुआ। संघर्ष के दौरान एक बाइक को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी कैराना पर भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से करीब आधा दर्जन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। जबकि कई युवकों को हिरासत में ले लिया गया है। उधर, सीएचसी में भर्ती कराए गए तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि दो पक्षों में विवाद के चलते दो युवक गोली लगने से घायल होना बताया गया है। चार युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं आई है। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।