अनुष्का हत्याकांड : पूर्व सांसद कादिर राणा ने अनुष्का के परिजनों को दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। चिरौड़ी गांव निवासी राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की हत्या की सूचना पर पूर्व सांसद कादिर राणा ने पीड़ित परिजनों उनके आवास पर जाकरसंवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
पूर्व सांसद ने अनुष्का के माता-पिता और अन्य परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ हैं। अनुष्का एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी थी, जिसने अपने खेल से क्षेत्र का नाम रोशन किया। उसकी असमय मौत बेहद दुखद और पीड़ादायक है। कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से भी मामले में पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की।