शामली। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को यूनिफार्म, स्वेटर, स्कूल बैग एवं जूता-मोजा खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के बैंक खाते में धनराशि भेजी जानी है। लेकिन प्रेरणा डीबीटी एप लाइव मोड पर न होने से डाटा अपलोड नहीं हो पा रहा है। इससे अभिभावकों के बैंक खाते में भेजी जाने वाली धनराशि की तैयारियों पर ब्रेक लगा हुआ है।
शासन स्तर से इस बार शैक्षिक सत्र 2021-22 में परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की यूनिफार्म, स्वेटर, स्कूल बैग व जूता मोजा खरीदने के लिए अभिभावकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। शासन ने बच्चों के अभिभावकों का आधार, सक्रिय बैंक खाता व अन्य डाटा डीबीटी प्रेरणा एप पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। पिछले सप्ताह शिक्षकों को बच्चों के अभिभावकों का डाटा संकलित करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि एप के लाइव मोड पर आते ही डाटा अपलोड किया जा सके।
तीन दिन पहले डीबीटी प्रेरण एप का ऑनलाइन प्रशिक्षण शिक्षकों को दिया जा चुुका है, लेकिन अभी तक एप लाइव मोड में नहीं आने से अभिभावकों में खाते में भेजी जाने वाली धनराशि की तैयारियों पर ब्रेक लग गया है। एप के चालू न होने से अभिभावकों के खाते में भेजी जाने वाली धनराशि मिलने में समय लग सकता है। सामुदायिक सहभागिता बेसिक के जिला समन्वय अमित कुमार ने बताया कि अभिभावकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से यूनिफार्म, स्वेटर आदि की धनराशि भेजी जाएगी, जिसके लिए डीबीटी प्रेरणा एप पर डाटा अपलोड किया जाना है। डीबीटी प्रेरणा एप लाइव मोड पर न आने के कारण डाटा अपलोड का कार्य शुरू नहीं हुआ है।