कैराना। दो दिन पहले पहाड़ों पर हुई बारिश के चलते हथिनीकुंड बैराज में पानी का दबाव बढ़ गया था। शनिवार को हथिनी कुंड बैराज से यमुना में 22131 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड डिस्चार्ज किया गया। रविवार को यमुना नदी का जलस्तर 57 सेंटीमीटर बढ़कर 229.41 मीटर पर पहुंच गया।
पिछले कई महीनों से हथिनी कुंड बैराज पर पानी की मात्रा बहुत कम होने के चलते यमुना का जलस्तर 227 मीटर के आसपास चल रहा था। शुक्रवार रात हथिनी कुंड बैराज से ऊपर पहाड़ों पर बारिश हुई। शनिवार सुबह यमुना का जलस्तर समुद्र तल से 228.84 मीटर पर बह रहा था। हथिनी कुंड बैराज पर पानी का दबाव बढ़ने के चलते शनिवार सुबह 8 बजे हथिनी कुंड बैराज से यमुना में 22131 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड डिस्चार्ज किया गया। 22131 क्यूसेक पानी आने के कारण रविवार सुबह 8 बजे यमुना का जलस्तर 57 सेंटीमीटर बढ़कर 229.41 मीटर हो गया। शनिवार शाम पहाड़ों पर बारिश नहीं होने के कारण हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा भी घटकर 13342 क्यूसेक प्रति सेकंड दर्ज की गई। ड्रेनेज विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि यमुना का चेतावनी बिंदु 231 मीटर तथा खतरे का निशान 231.5 मीटर पर है।