पालिका के टैक्स लिपिक ने दिया स्पष्टीकरण
शामली। नगरपालिका शामली की 22 दुकानों को बिना नीलामी के आवंटन के मामले में टैक्स लिपिक ने पालिका के अधिशासी अधिकारी को स्पष्टीकरण भेज दिया है। इसमें उन्होंने बताया कि पालिकाध्यक्ष के समक्ष दुकान आवंटन संबंधी आवेदन आए थे।
नगरपालिका के वार्ड सभासद अनिल उपाध्याय, पंकज गुप्ता, राजीव गोयल व सभासद के पति निशिकांत संगल ने एक सप्ताह पहले पालिका की नई मंडी के सामने प्रथम तल की 22 दुकानों को बिना नीलामी के आवंटन करने का आरोप लगाते हुए जांच व कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले में पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने टैक्स लिपिक लक्ष्मण सिंह को नोटिस जारी कर तीन दिन में यह स्पष्टीकरण मांगा था कि दुकान आवंटन की रसीद किसके निर्देश पर काटी गई। पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि टैक्स लिपिक ने नोटिस का जवाब भेजा है, जिसमें उसने सिर्फ इतना ही लिखा है कि पालिका अध्यक्ष के समक्ष दुकान आवंटन संबंधी आवेदन आए थे। अधिशासी अधिकारी का कहना है कि टैक्स लिपिक का स्पष्टीकरण संतोषजनक और स्पष्ट नहीं है। उनसे इस मामले से संबंधित पत्रावली उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि टैक्स लिपिक फिलहाल दो दिन के अवकाश पर हैं। अवकाश से आने पर इस संबंध में टैक्स लिपिक से जानकारी की जाएगी। उधर, सभासद अनिल उपाध्याय व निशिकांत संगल ने सोमवार को गन्ना मंत्री सुरेश राणा और पूर्व मंत्री विरेंद्र सिंह को भी दुकान आवंटन में धांधली होने का आरोप लगाते हुए शिकायत कर जांच कराए जाने की मांग की है।