शामली। कोहरे की मार ट्रेन की रफ्तार पर भारी पड़ रही है। शुक्रवार सुबह से लेकर शाम तक कई ट्रेनें लेट रहीं। जिस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले कई दिनों से कोहरा पड़ रहा है। जिससे ट्रेनों के आवागमन प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को शामली रेलवे स्टेशन पर अजमेर-हरिद्वार ट्रेन नंबर 19609 जो साढ़े छह बजे आती है, सवा तीन घंटे लेट रही। इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर 74021 जो शामली में 10.15 बजे आती है दो घंटे लेट आई।
दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर 51909 भी कई घंटे लेट आई। सहारनपुर-दिल्ली 7.40 बजे आती है, 8.40 बजे आई। कई ट्रेन लेट होने के चलते शामली रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ ट्रेन के इंतजार में खड़ी रही। ट्रेन की लेट होने के कारण लोगों को मजबूरन अन्य विकल्प तलाश कर अपने गंतव्य को जाना पड़ा। उधर, स्टेशन अधीक्षक संजीव शर्मा का कहना है कि कोहरे के चलते दो-तीन ट्रेन लेट हुई हैं।
घने कोहरे में दो वाहन पलटे
थानाभवन। शुक्रवार को लगातार चौथे दिन प्रात: से ही घने कोहरे और सर्द हवाओं का कहर जारी रहा। कोहरे के चलते नगर के बूढ़ा बाबू तालाब के पास एक गन्ने से भरा दस टायरा ट्रक सड़क किनारे पलट गया। दूसरी ओर सहारनपुर से दिल्ली की ओर जा रहा एक कैंटर नगर के बिजलीघर के पास सड़क किनारे में पलट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को हटवाया और यातायात सुचारु करवाया।