प्रधान पुत्र की हत्या में गनर की भूमिका संदिग्ध
मुजफ्फरनगर। मेरठ जनपद के किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव बली के प्रधान पुत्र अनित गुर्जर की हत्या के तार जनपद से भी जुड़ गए हैं। हत्या में मीरापुर क्षेत्र के एक भाजपा नेता के गनर की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके खिलाफ जांच बैठा दी गई है। वहीं, एसएसपी का कहना है कि मेरठ पुलिस की जांच में जो सामने आएगा, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ जनपद के किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव बली में शनिवार को जिला पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव के दौरान ग्राम प्रधान कालूराम के बेटे अनित गुर्जर की भाजपा प्रत्याशी विजय धामा द्वारा पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उक्त हत्याकांड में जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव नंगला खेपड़ निवासी भाजपा नेता प्रशांत को मिले गनर की भूमिका संदिग्ध पाई जा रही है। सूत्रों के अनुसार उपचुनाव में प्रशांत भी अपने गनर पंकज के साथ भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में किला परीक्षितगढ़ पहुंचा था, जहां चुनाव में रौब गालिब करने की खातिर भाजपा प्रत्याशी विजय धामा ने गनर पंकज को अपने साथ ले लिया था। बताया जा रहा है कि जिस समय प्रधान पुत्र अनित गुर्जर की हत्या की गई, गनर पंकज विजय धामा के साथ और मौके पर ही मौजूद था। हालांकि प्रधान पक्ष की ओर से अभी गनर के खिलाफ किसी तरह की शिकायत नहीं की गई है, लेकिन मेरठ पुलिस द्वारा हत्याकांड में गनर की भूमिका को लेकर जांच बैठा दी गई है।
इन्होंने कहा .........
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि प्रधान पुत्र की हत्या में गनर पंकज की भूमिका की जांच मेरठ पुलिस द्वारा की जा रही है। उनसे फिलहाल मेरठ पुलिस द्वारा न तो कोई जानकारी मांगी गई है और न ही गनर के संबंध में किसी तरह की संस्तुति ही की गई है। यदि आवश्यकता पड़ेगी तो मेरठ पुलिस को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर गनर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
नंगला खेपड़ में पिता-पुत्र की हत्या के बाद मिला था गनर
मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव नंगला खेपड़ निवासी ओमवीर सिंह की वर्ष 2014 में गांव की पार्टीबाजी के चलते हत्या कर दी गई थी। ओमवीर हत्याकांड की पैरवी उसके वृद्ध पिता भाजपा नेता शोभाराम आर्य द्वारा की जा रही थी, जिस पर उनकी भी वर्ष 2017 में हत्या कर दी गई थी। शोभाराम की हत्या के बाद उनके पौत्र प्रशांत पुत्र ओमवीर को गनर उपलब्ध कराया गया था। फिलहाल गनर के रूप में पंकज भाजपा नेता प्रशांत के साथ है, जो प्रशांत के साथ ही किला परीक्षितगढ़ गया था, लेकिन वहां भाजपा प्रत्याशी विजय धामा के साथ हो लिया था।