शामली। बैंकों के बाहर कैश लेने के लिए बुधवार को भी भीड़ लगी रही। ज्यादातर बैंकों में कम व ज्यादा कैश देकर सभी को संतुष्ट करने की कोशिश की गई। बार बार लाइन के बीच में घुसने और बैंक खुलते ही अंदर घुसने के लिए हंगामा होता रहा। कुछ बैंकों के एटीएम पर कैश डलने से पहले ही ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रही।
बुधवार को शहर के बैंकों के बाहर सुबह से भीड़ लगी रही। जिसके चलते महिला व बुजुर्ग कैश लेने के लिए लाइन में लगे रहे। वहीं लंच के बीच में भी बुजुर्ग महिला और पुरुषों ने हार नहीं मानी। एक घंटे तक सड़क पर लाइन में बैठे रहे। शहर के सभी बैंकों में किसी ने थोड़ा तो किसी ने ज्यादा कैश दिया। यूनियन बैंक में भी ग्राहक की गार्ड नोकझोंक हुई।
स्टेट बैंक के बाहर भी लंबी लाइन लगी रही। जिसके चलते चार बजे के बाद मुश्किल से दो चार ग्राहक ही बिना कैश के वापस लौटे। जिसमें शहर के स्टेट बैंक में ग्राहकों को 10 हजार, इलाहाबाद बैंक में 8 हजार, कार्पोरेशन में 14 हजार, सर्वयूपी ग्रामीण बैंक में 4 हजार रुपये देकर ग्राहकों को संतुष्ट किया गया।
सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में चार दिन बाद बंटा 16 लाख ः शहर के वर्मा मार्केट स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में सुबह से ही जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी। बैंक के बाहर लंबी लाइन लगी रही। बैंक में पिछलेे चार दिनों से कैश नहीं मिल रहा था। ग्राहकों ने बताया कि कैश पिछले शुक्रवार को केवल दो हजार रुपये के हिसाब से 350 लोगों को 7 लाख रुपये ही मिले थे। जिसके बाद बुधवार को चार बजे तक लाइन में लगे ग्राहकों को कैश दिया गया।
लाइन में घुसने को लेकर थोड़ा बहुत हंगामा होता रहा। सड़क के बीच में ही बैठकर बैंक खुलने का इंतजार करते रहे। बैंक प्रबंधक सुशील कुमार ने बताया कि बुधवार को बैंक में चार सौ ग्राहकों को चार हजार के हिसाब से 16 लाख रुपये कैश वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि आज लाइन में लगे सभी ग्राहकों को
कैश दिया गया। जिसके बाद अब सोमवार से पहले कैश मिलने की उम्मीद नहीं है।
एटीएम पर लगी रही लंबी लाइन
शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित पंजाब नेशनल बैंक, झिंझाना रोड स्थित एसबीआई व भिक्की मोड़ स्थित कार्पोरेशन बैंक के एटीएम पर कैश डालने की सूचना पर ही ग्राहकों की लंबी लाइन लग गई। जिसके बाद पीएनबी पर गार्ड द्वारा कैश लाइन में लगे ग्राहकों के हाथों पर क्रम से नंबर डाल दिए गए। जिससे बीच में कोई ग्राहक न घुस सके। नंबर वाले ग्राहकों को ही कैश निकालने दिया गया। जिसके बाद सभी एटीएम में कैश डलने के बाद ग्राहकों ने ढाई ढाई हजार रुपये निकालकर कुछ राहत की सांस ली।
कैश की उम्मीद में सुबह ही लग जाती है लाइन
कैराना। बुधवार को कस्बे के सभी बैंकों में कैश के लिए मारामारी मची रही। कैश के चक्कर में लोग सुबह चार बजे से ही बैंक के बाहर लाइन में लग गए। इस दौरान लाइन में आगे लगने के चक्कर में लोग आपस में ही झगड़ा करने लगे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया।नोटबंदी के 36वें दिन भी बैंकों के बाहर सुबह से ही मारा मारी नजर आयी। सुबह चार बजे से ही लोग सर्दी के बावजूद बैंकों के बाहर आकर लाइन में लग गए थे। पीएनबी के बाहर एक लाइन महिलाओं और तीन लाइन पुरुषों की लगी थी। आगे निकलने की होड़ में यहां पर कई बार झड़प भी हुई। जिसे मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने शांत किया। पीएनबी में खाताधारक को खाते से छह हजार निकालने की सुविधा दी गई। इसके अलावा केनरा बैंक के बाहर भी लोगों के बीच आपस में कई बार बहस होती नजर आई। जबकि को-आपरेटिव बैंक में कैश नहीं होने के कारण लोगों को निराशा हाथ लगी।