कैराना। क्षेत्रीय भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने अकबरपुर सुन्हेटी गांव पहुंचकर ब्रह्मपाल के परिजनों से मुलाकात की। उनके परिवार ने सांसद से कहा कि बहू- बेटी सुरक्षित नहीं हैं, खेत पर जाने में डर लगता है। हम गांव से पलायन करके चले जाएंगे, कहीं दूसरी जगह रहने का इंतजाम करा दो। भाजपा सांसद ने आश्वस्त किया कि हिम्मत से काम करो, किसी को भी गांव छोड़कर जाने की जरूरत नहीं।
रविवार देर रात गांव अकबरपुर सुन्हेटी में दूसरे समुदाय के लोगों ने गोली मारकर ब्रह्मपाल की हत्या कर दी थी। जिसके बाद से गांव में दहशत पसरी है और गांव में पुलिस बल तैनात है। इसकी सूचना मिलने पर मंगलवार को अपराह्न साढे़ तीन बजे सांसद हुकुम सिंह गांव में पहुंचे तथा पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
ब्रह्मपाल के पिता फूल सिंह ने सांसद से कहा कि उनकी पुत्रवधू गुड्डी की सात माह पूर्व हत्या कर दी गई थी तथा पुलिस ने हत्यारों से साजिश करके उसके एक बेटे और एक पोते को ही आरोपी बना दिया। हत्यारोपी उनके परिवार पर फैसले का दबाव बना रहे थे।
अब उसके बेटे ब्रह्मपाल की हत्या कर दी गई। परिवार के अन्य लोगों ने सांसद से कहा कि इस गांव में अब बहू बेटी सुरक्षित नहीं है, हमें यहां रहने से डर लगता है, मजबूरी में यहां से पलायन करना पड़ेगा। सांसद हुकुम सिंह ने इसी दौरान पुलिस अधीक्षक से मोबाइल फोन पर बात कर हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की।
सांसद ने कहा कि गांव में एक ही पक्ष के लोगों को टारगेट बनाकर अपराध हो रहा है। वहीं, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत उनके राशन कार्ड भी खत्म कर दिए गए हैं जिस पर सांसद हुकुम सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। ब्रह्मपाल की बीमार पत्नी के उपचार के लिए सीएमओ से वार्ता की। सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि आप लोग हिम्मत से काम लो, जिले में नए पुलिस अधिकारी आए हैं, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।