शामली। जिलाधिकारी सुजीत कुमार ग्राम वेदखड़ी और पावटी खुर्द में निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय में शौचालय की खराब हालत देखकर नाराजगी जताई। ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि एक सप्ताह में मॉडल शौचालयों का निर्माण कराया जाए। निर्माण समय पर नहीं हुआ तो ग्राम सचिव को निलंबित कर दिया जाएगा।
शुक्रवार को जिलाधिकारी सुजीत कुमार और मुख्य विकास अधिकारी यशु रुस्तगी ने ऊन ब्लॉक के ग्राम मंसूरा, वेदखेडी, पावटी खुर्द तथा मुंडेट खादर का दौरा कर स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्माणाधीन शौचालयों का निर्माण एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। पावटी खुर्द और वेदखेडी में प्राथमिक विद्यालयों के शौचालय की खराब हालत मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने निर्देश दिया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने शौचालयों का उपयोग न करने वालों के परिवारों का राशन वितरण बंद करा दिया जाएगा और विद्युत कनेक्शन भी काट दिया जाएगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि जरूरत के मुताबिक ही पानी का इस्तेमाल करना चाहिए। पानी की बर्बादी से बचा जाए।
इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने तहत कच्चे गड्ढे की जगह पक्के सेफ्टी टैंक बनाने की मांग की। मुख्य विकास अधिकारी यशु रुस्तगी ने समझाया कि सीमेंटेड सेफ्टी टैंक से शौचालयों का गंदा पानी बाहर आता है। इससे बदबू फैलती है। कच्चे गड्ढे आधुनिक तकनीकी के अनुसार बनाए जा रहे हैं। इनका गंदा पानी जमीन सोख लेती है।
जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने ग्राम प्रधान, विकास खंड अधिकारी एवं निगरानी समिति के सदस्यों से कहा कि जो लोग खुले मेें शौच के लिए जाते हैं। उन पर निगरानी रखें और समझाएं कि खुले मेें शौच जाने से बीमारियां फैलती हैं । इस दौरान डा. विपिन कुमार, ग्राम प्रधान यामीन, ग्राम सचिव सुशील और वेदपाल सैनी तथा समिति के सदस्य मौजूद रहे।