जांच में छात्र की करंट से मौत की पुष्टि हुई
शामली। डीएम के निर्देश पर एसडीएम द्वारा कराई गई जांच में छात्र की मौत विद्युत करंट से होने की पुष्टि हुई है। एसडीएम ने जांच रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
बुधवार सुबह शहर के मोहल्ला नया बाजार निवासी छात्र नीलेश की बारिश के पानी में विद्युत खंभे से उतरे करंट की चपेट में आकर मौत हो गई थी। वह बीएड की परीक्षा देने जा रहा था। वीवी इंटर कॉलेज रोड पर बैंक के बाहर छात्र का शव मिला था। पुलिस ने परिजनों की सहमति से शव का पोस्टमार्टम कराया था। सीएचसी में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। डीएम जसजीत कौर ने इस मामले की जांच एसडीएम सदर संदीप कुुमार को सौंपी थी। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने बृहस्पतिवार को मामले की जांच की। लेखपाल ने मौके पर जाकर लोगों से जानकारी और पुलिस से भी जानकारी लेकर साक्ष्य संकलित किए। एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि जांच में छात्र की मौत विद्युत करंट से होना पाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट से मौत होना आया है। जांच रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पीड़ित परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।