शामली। जन्म से दिव्यांग और पोलियो ग्रस्त लोग भी अब अपने पैरों पर खडे़ हो सकेंगे। सरकार की ओर से उनको अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए पोलियो सुधारात्मक सर्जरी शिविर की व्यवस्था की जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार के इस कार्यक्रम के लिए तैयारी की जा रही है।
पोलियो से पीड़ित या जन्म से दिव्यांग लोगों का इलाज संभव नहीं है, या फिर इतना महंगा है कि मध्यम वर्ग की पहुंच से बहुत दूर। ऐसे में लोग जिंदगी भर दिव्यांग ही बने रहते हैं। शासन अब ऐसे लोगों को नया जीवन देने का प्रयास कर रहा है। ऐसे दिव्यांगों के लिए शासन निशुल्क आपरेशन, दवाइयां और उपकरणों की व्यवस्था करेगा।
उत्तरप्रदेश विकलांग कल्याण विभाग और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार विकलांग जन संस्थान नई दिल्ली के प्रयास से शामली के ऐसे पीड़ितों की परेशानी दूर करने की रूपरेखा तैयार कर रहा है। दिल्ली से आई डाक्टरों की टीम ने सहारनपुर में कमिश्नर के साथ इस संबंध में बैठक की है।
शामली में तीन अक्तूबर को लगेगा कैंप
शामली। दिल्ली से आई टीम के डॉक्टर अरुण जैन ने बताया कि शामली में आज तक इस तरह का कैंप नहीं लगाया गया है। तीन अक्टूबर को मुजफ्फरनगर में ही शामली जिले के दिव्यांगों के लिए पोलियो सुधारात्मक सर्जरी शिविर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इसके लिए दिव्यांग को दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र साथ लाना होगा।