शामली नगरपालिका कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेते पालिकाध्यक्ष। स्रोत नगरपालिका
शामली। नगरपालिका परिषद शामली की तरफ से विकास कार्यों के लिए भेजे गए लगभग 11 करोड़ रुपयों के चार प्रस्ताव शासन से स्वीकृत हो गए। जल्द ही शासन से बजट जारी होने की संभावना बन गई है। उधर, पालिका ने भवन एवं जलकर में दस प्रतिशत की छूट को 31 जनवरी तक बढ़ा दिया है।
नगरपालिका की तरफ से शहर के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजाना में 500 लाख रुपये, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना में 196 लाख व 198 लाख रुपये और पेयजल व्यवस्था हेतु नगरीय पेयजल योजना में 195 लाख रुपये यानि लगभग 11 करोड़ रुपये के चार प्रस्ताव नगर विकास मंत्री लखनऊ द्वारा प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग को भेजे गए थे।
पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल ने बताया कि जल्द ही शासन से बजट जारी हो जाएगा। बजट मिलने पर इन योजनाओं के माध्यम से शहर का विकास कराया जाएगा। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नागरिकों के लिए पालिका द्वारा भवन एवं जलकर में दी जा रही छूट की अवधि 31 दिसंबर को समाप्त हो गई थी। शहर में सर्वे का कार्य चल रहा है, इसे देखते हुए 10 प्रतिशत छूट को बढ़ाकर 31 जनवरी 2026 तक कर दिया गया है, इससे नागरिक अपना भवनकर व जलकर छूट के साथ जमा कर छूट का लाभ ले सकते हैं।
पालिकाध्यक्ष ने पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर शहर में चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी, कर अधीक्षक योगेश कुमार, राजस्व निरीक्षक चन्द्र किशोर पटेल, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल सिंह, लिपिक अनिल शर्मा, लक्ष्मण सिंह, प्रदीप बिडला, आजम खां, राकेश कुमार, मदनपाल मौजूद रहे।