शामली। दूसरा शनिवार और त्योहार के मद्देनजर बैंकों में पांच दिवसीय अवकाश के पहले दिन ही एटीएम में पैसा खत्म होने से लोग पूरे परेशान रहे।
आठ अक्तूबर को दूसरा शनिवार, नौ को श्रीदुर्गाष्टमी, दस अक्तूबर को नवरात्र समापन मां सिद्धिदात्री पूजन-कन्या पूजन, 11 को दशहरा, 12 अक्तूबर को मोहर्रम होने के कारण जिले भर के बैंकों का अवकाश घोषित हो चुका है।
अवकाश के पहले दिन ही जिला मुख्यालय के ओरियंटल बैंक, इंडियन ओवर सीज बैंक, यूनाइटेड, बैंक आफ बड़ौदा, एचडीएफसी बैंक के ज्यादातर एटीएम बंद मिले। वहीं, इंडियन बैंक समेत कई एटीएम खुले मिले तो उनमें पैसा खत्म हो गया। मुकेश कुमार, राजीव, सुनील कुुमार ने बताया कि पहले दिन ही बैंकों के एटीएम धोखा दे गए।
उधर, यूपी बैंक इप्लाइज यूनियन के सचिव इंद्रपाल सिंह राठी ने बताया कि बैंकों का अवकाश बुधवार तक रहेगा। बृहस्पतिवार को बैंक खुलेंगे। एलडीएम हरपाल सिंह तोमर ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक ने अपने एटीएम को फुल कर दिया था। जिन पीएनबी के एटीएम में पैैसा खत्म हो गया है, उनमें दस अक्तूबर को पैसा डलवाया जाएगा।