झिंझाना में गांव डेरा सिंगापुर निवासी सीआरपीएफ के जवान गौरव का फाइल फोटो।
- फोटो : SHAMLI
झिंझाना। गुरुग्राम में तैनात सीआरपीएफ के जवान की विषैला खाना खाने से मौत हो गई। शनिवार रात शव उनके पैतृक गांव डेरा सिंगापुर में पहुंचा तो परिजन बिलख पड़े। ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। दाह संस्कार से पहले मौके पर पहुंची सीआरपीएफ की गार्द ने विधिवत रूप से सलामी दी। पुलिस की मौजूदगी में बड़े भाई राहुल ने मुखाग्नि देकर शव का दाह संस्कार देर रात में कराया। 2019 में सीआरपीएफ में शूटर के रूप में भर्ती हुआ था गौरव तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा काला माजरा के मजरे डेरा सिंगापुर निवासी महिपाल का बेटा गौरव वर्ष 2019 सीआरपीएफ में शूटर के रूप में भर्ती हुआ था और हरियाणा के गुरुग्राम में तैनात था। पिता गांव में मध्यम वर्गीय किसान है। बड़ा भाई राहुल और बड़ी बहन सोनी जिसकी शादी हो चुकी है। छोटी बहन काजल समेत घर में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरव अविवाहित था।
विषैला खाना खाने से हुई थी तबीयत खराब
बीएसएफ में तैनात गौरव के तहेरे भाई सोनू ने बताया कि 24 मार्च को शाम के समय जो खाना गौरव ने खाया था, वह विषैला था। हालत बिगड़ने प तुरंत ही यूनिट के हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। जहां शनिवार को दोपहर बाद गौरव ने दम तोड़ दिया। सीआरपीएफ की टीम गौरव के शव को लेकर शनिवार देर शाम करीब 7:30 बजे गांव में पहुंची थी। गौरव पढ़ाई में भी काफी होशियार था। झिंझाना के डीसेंट स्कूल से इंटर करने के बाद उसने शूटिंग की कई प्रतियोगिताएं जिला और प्रदेश स्तर पर जीती थी। भोपाल राइफल के ट्रायल में 15वीं रैंक हासिल की थी। इसी वजह से उसका सीआरपीएफ में 2 साल पूर्व चयन हुआ था।