फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: परिजनों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से की छात्र की मौत की सीबीआई जांच की मांग

विज्ञापन
कांधला में छात्र विजय के घर सांत्वना देने पहुंचे सदर विधायक प्रसन्न चौधरी। संवाद
विज्ञापन
शामली/ कैराना। जिला पानीपत के सनौली पुलिस चौकी के निकट टैंपो से भाई के साथ घर लौट रहे कांधला निवासी छात्र विजय की हरियाणा के पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और यमुना नदी में फेंककर हत्या करने का आरोप परिजनों ने लगाया था। परिजनों ने शामली के भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र निर्वाल से मिलकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सीबीआई जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई कराने की मांग की। हरियाणा पुलिस पर तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन


कस्बा कांधला के मोहल्ला शेखजादगान निवासी अजय और विजय दोनों सगे भाई रविवार शाम हरियाणा के कुरुक्षेत्र से कांधला लौट रहे थे। परिजनों ने हरियाणा के पुलिसकर्मियों पर सनौली क्षेत्र में स्थित टोल प्लाजा के पास दोनों भाइयों को टैंपो से उतारने और युवती से छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया था। बाद में उन्हें सनौली नाका पुलिस चौकी पर लेकर बर्बरतापूर्वक मारपीट करने और विजय को यमुना पुल से नीचे फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया था। सोमवार को विजय का शव मिलने के बाद परिजनों ने हरियाणा पुलिस पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेकर एक भाई को छोड़ने के आरोप लगाए थे और हंगामा कर हाईवे पर जाम लगाया था।
मंगलवार को मृतक छात्र विजय के पिता अजब सिंह ने बताया कि वे 40-50 लोगों के साथ शामली जनपद के भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र निर्वाल से मिले। उन्होंने राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी से भी फोन पर बात की है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
विज्ञापन

परिजनों ने गृहमंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी, मुख्य सचिव, डीजीपी हरियाणा, मानवाधिकार आयोग के साथ अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर सीबीआई जांच कराने और तीनों पुलिसकर्मियों व उनके दोनों साथियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। मृतक के पिता का कहना है कि हरियाणा पुलिस तहरीर देने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज करने को तैयार नहीं है। कहा कि हर हाल में इंसाफ लेकर ही रहेंगे।
गमगीन माहौल में छात्र के शव का अंतिम संस्कार
यमुना नदी में छात्र विजय का शव उप्र की तरफ से बरामद होने के कारण कैराना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव को कांधला ले जाया गया। परिजनाें ने कांधला में ही गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के पिता ने कहा कि वह बेटे को इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के लिए बुधवार को रूस भेजने वाले थे। मगर पहले ही वह मौत के मुंह में समा गया। आरोपी पुलिसकर्मियों पर हत्या, लूटपाट, भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है।

- सीसीटीवी फुटेज आई सामने

कैराना। हरियाणा पुलिसकर्मियों के द्वारा दो सगे भाइयों के साथ मारपीट प्रकरण में सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज रविवार की शाम करीब सात बजे की है। सनौली नाका पुलिस चौकी के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में हरियाणा की तरफ से टैंपो आता दिखाई दे रहा है, जो सड़क पर आकर खड़ा हो जाता है। जिसमें कुछ युवक भी बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पीछे से सफेद रंग की गाड़ी आकर टैंपो के बराबर में आकर रुकती है। गाड़ी के अंदर से कुछ पुलिसकर्मी नीचे उतरते दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी एक युवती के साथ गाड़ी के अंदर बैठते हुए दिखाई दिए।

- माफी मांगने पर अजय को उसकी पिता की सुपुर्दगी में दिया गया था
सनौली थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि माफी मांगने पर अजय को रविवार की रात में ही छोड़ दिया गया था। उसके पिता की सुपुर्दगी में दिया था जबकि विजय मौके से भाग गया था। युवती ने छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस नाके पर की थी। पुलिसकर्मियों पर पिटाई का आरोप गलत है। मामले की जांच कराई जा रही है।
विज्ञापन


- इन सवालों के जवाब बाकी
वह युवती कौन है जिसके साथ दोनों भाइयों द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाया जा रहा
- युवती ने छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस से क्यों नहीं की थी
- अब पुलिस युवती के बारे में कुछ भी क्यों नहीं बता पा रही
- पानीपत पुलिस ने मृतक परिवार के बयान दर्ज क्यों नहीं किए

कांधला में छात्र विजय के घर सांत्वना देने पहुंचे सदर विधायक प्रसन्न चौधरी। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें