शामली। पूर्वी यमुना किनारे प्रस्तावित कलक्ट्रेट, विकास भवन, जिला अस्पताल की दूसरी किश्त की धनराशि नहीं आने से निर्माण कार्य अधर में लटका है। जिले के आला अफसरों का कहना है कि दूसरी किश्त आने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा।
पूर्वी यमुना नहर के किनारे ग्राम मुंडेट की भूमि में 100 बेड का जिला अस्पताल, सीएमओ कार्यालय एवं आवासीय भवन, कलक्ट्रेट बिजली घर, गोहरनी गांव के जंगल में विकास भवन, कलक्ट्रेट कार्यालय के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने धनराशि स्वीकृत की थी। सभी कार्यालयों के लिए प्रथम किश्त जारी की गई।
डीआरडीए के सहायक अभियंता दिनेश सिंघल ने बताया कि विकास भवन, कलक्ट्रेट कार्यालय, जिला अस्पताल एवं सीएमओ कार्यालय की प्रथम किश्त खर्च हो चुकी है। विकास भवन- कलक्ट्रेट का काम पिछले दो माह से रुका है। जिला अस्पताल का कार्य धीमी गति से चल रहा है। बारिश के मौसम से कार्य बंद है।
दूूूूसरी किश्त की धनराशि आने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा। डीएम ने बताया कि जिला मुख्यालय की दूसरी किश्त के संबंध में शासन में प्रमुख सचिव सुरेश चंद से वार्ता की गई थी। शीघ्र धनराशि आवंटित करने का आश्वासन दिया था। फिलहाल उनका तबादला हो गया है।