शामली। कुड़ाना गांव के इलाहाबाद बैंक शाखा में गांव के 450 उपभोक्ताओं की पास बुक पिछले चार दिन से जमा होने के बाद भी लेनदेन बंद होने से ग्रामीण परेशान हैं। इस समस्या के चलते सोमवार को ग्रामीणों ने बैक पर पहुंचकर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि लेनदेन न होने से शादी ब्याह से लेकर खेती के लिए गेहूं का बीज खाद आदि खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कुड़ाना के बिजेंद्र, विनोद, शिवकुमार, प्रवीण कुमार, बिरम पाल, जितेंद्र, देवेंद्र, विपिन, सुनील आदि ग्रामीणों का कहना है कि 17 नवंबर से इलाहाबाद बैंक में 450 किसानों ने लेनदेन के लिए पासबुक जमा कराई थी। लेकिन इसके बावजूद बैक से लेन-देन नहीं किया जा रहा है। इससे ग्रामीण गेहूं का बीज, खाद के अलावा शादी विवाह का सामान नही खरीद पा रहे हैं।
वहीं, काजरखेड़ी गांव काप्रवेश कुमार सोमवार को इलाहाबाद बैंक शाखा में नोट बदलने के लिए पहुंचा। पीड़ित ने कहा कि उसका बेटा बीमार है। शहर में एक चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा है। इसलिए कम से कम पांच सौ रुपये का नोट बदल दो। लेकिन प्रवेश को बैंक से बैरंग लौट आया।
उधर, कस्बा जलालाबाद में सोमवार को भारतीय समाज सुधार संस्था की बैठक हुई। जिसमें प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री को बधाई पत्र भेजा गया। कहा कि नोटबंदी, सेना की सर्जिकल स्ट्राइक सराहनीय कार्य है। नोट बंदी से देश में काले धन पर अंकुश लगेगा। मौके पर जनेश्वर प्रसाद, इलम चमन आदि रहे।