झिंझाना। क्षेत्र के गन्ना किसानों ने एक सप्ताह से गन्ना क्रय केंद्र पर तौल बंद होने पर रविवार को हंगामा कर दिया। गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली ऊन थानाभवन मार्ग के बीच में खड़ी करके जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसएसआई सतपाल सिंह द्वारा मिल के जीएम से बात कर तौल सेंटर पर गन्ना तौल शुरू कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
सुबह 10 बजे क्षेत्र के गांव हौसंगपुर, अलीनगर, झिंझाना आदि के किसानों ने गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रालियों को ऊन थाना भवन मार्ग पर खड़ी कर जाम लगा दिया। किसानों का आरोप था कि गत 15 दिसंबर से झिंझाना के गन्ना क्रय केंद्र नंबर बी व डी दोनों एक ही बना रखे हैं। इसके अलावा कस्बे को मिल से चार तौल केंद्र स्वीकृत है, लेकिन मात्र एक तौल केंद्र चल रहा है।
गन्ना पर्ची किसानों को प्रतिदिन मिल भेज रहा है, लेकिन तौल सेंटर बंद कर हरियाणा से गन्ना खरीद रहे हैं। जाम कि सूचना पर पहुंची झिंझाना पुलिस ने जाम लगा रहे किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं माने।
मौके पर थाना झिंझाना के एसएसआई सतपाल सिंह ने किसानों से बात की। बाद में मिल के केन जीएम पीएन सिंह देवरिया से बात कर तौल सेंटर शुरू कराने के लिए कहा।
जिस पर मिल से दो तौल लिपिक सेंटर पर पहुंचे और तौल शुरू हुई। जिसके बाद किसानों ने चार घंटे बाद जाम खोला। मौके पर अरविंद्र, नरेश, सुभाष, कृष्णपाल मलिक, करण सिंह, लक्ष्मण सिंह, प्रमेंद्र, धमेंद्र, महेश, अनील,, सोमपाल, रवि, नरेश, राकेश, आदि सैकड़ों किसान शामिल रहे।
उधर, केन जीएम पीएन सिंह देवरिया ने बताया कि तौल क्लर्क छुट्टी पर होने के कारण परेशानी हुई थी। अब सभी कुछ ठीक रहेगा। सभी किसानों का गन्ना लिया जाएगा। इसके अलावा गांव सिकंदरपुर व ढिंढाली के किसानों ने मार्ग को अवरुद्ध कर तौल कराने कि मांग कि जिस पर वहां भी मिल द्वारा तौल लिपिकों कि व्यवस्था कर तोल शुरू कराया।