शामली। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मौसम में अचानक बदलाव आ गया है। रविवार को सुबह से ही आकाश में बादल छाए रहे। हल्की धूप निकली और शाम के समय शीत लहर के साथ कोहरा आ गया। विशेषज्ञों का कहना है कि पूरे सप्ताह मौसम ऐसा ही रहेगा। साथ ही अगले तीन दिनों में हल्की बारिश होने की संभावना भी बनी हुई है।
दिसंबर का महीना शुरू होते ही सुबह का कोहरा शुरू हो गया था, बारह दिसंबर को सुबह और दोपहर का कोहरा समाप्त हो जाने के बाद दिन का तापमान बढ़ना शुरू हो गया था। पहाड़ों पर दो दिन से बर्फबारी शुरू हो जाने के बाद रविवार को सुबह से मौसम में बदलाव शुरू हो गया। आकाश में बादल छाए रहने से पूरे दिन हल्की धूप निकली। शाम के समय कोहरा छा जाने और शीत लहर चलने से मौसम ठंडा हो गया। जिससे शाम के समय बाजारों की रौनक गायब हो गई। सर्दी बढ़ने से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया।
उधर, बघरा कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर पीके सिंह ने बताया कि पिछले दो दिनों से पहाड़ों पर बर्फबारी और शीत लहर चलने से मौसम में बदलाव आया है।
पूरे सप्ताह आकाश में बादल और कोहरा छाया रहेगा। अगले 24 घंटे में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। 31 दिसंबर तक आकाश में बादल और कोहरा छाया रहेगा। शीत लहर जारी रहेगी। वहीं, सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मृदा विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर अशोक कुमार अहलुवालिया ने बताया कि पहाड़ों पर मौसम खराब एवं बूंदाबांदी का प्रभाव मैदानी क्षेत्रों पर पड़ा है। उन्होंने बताया कि 26, 27, 28 दिसंबर को बूंदाबांदी की संभावना है।