शामली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) में चार केंद्रों पर दो पालियों में 3313 अभ्यर्थी शामिल हुए, 225 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे।
सोमवार को शामली के वीवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आरके पीजी कॉलेज, आरके इंटर कॉलेज और हिंदू कन्या इंटर कॉलेज में यूपी टीईटी परीक्षा का आयोजन हुआ।
सुबह 10 से साढ़े 12 बजे तक पहली पाली में 2440 अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन था, जिनमें से 2278 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। वहीं, ढाई बजे से पांच बजे तक दूसरी पाली में रजिस्टर्ड 1098 अभ्यर्थियों में से 1035 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिला विद्यालय निरीक्षक एसएम सिद्दीकी ने बताया कि दोनों पालियों में 3538 का रजिस्ट्रेशन था, जिनमें से 3313 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है।
परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता व्यवस्था रखी गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है। उधर, सुरक्षा के लिहाज से चारों परीक्षा केंद्रों पर पुलिस ने भी कड़ी चौकसी बरती। परीक्षा केंद्रों के बाहर तो अभ्यर्थियों के साथ आने वालों की भीड़ रही, लेकिन परीक्षा केंद्र में उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया गया।