कांधला। क्षेत्र के एक गांव से किशोरी को अगवा करने के आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उधर, परिजनों और ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शुक्रवार को थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी 13 वर्षीय पुत्री अपने कुत्ते को शाम के समय नहर की पटरी पर घुमाने के लिए गई थी। इसके बाद वह लापता हो गई। पुलिस ने अज्ञात में मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने तलाश के दौरान किशोरी को गांव के बाहर एक मकान से बरामद कर लिया था। परिजनों के अनुसार किशोरी ने पूछताछ में बताया कि गांव निवासी युवक ने उसे जबरन मकान में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया। रविवार को पीड़ित परिजन थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों के मुताबिक आरोपी करीब एक साल पहले हत्या के मामले में जेल जा चुका है। उस पर साथी के साथ मिलकर किसान की पीटकर हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था।