शामली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के लिए तैयार मंच।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। विधानसभा चुनाव के लिए जिले की तीनों सीटें हर दल के लिए महत्वपूर्ण हो गई हैं। राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं का फोकस जिले पर है। इसी के चलते अगले तीन दिन तक शामली जिला वीआईपी बना रहेगा। एक तरफ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह थानाभवन में जनसभा में चुनावी समीकरण साधेंगे, तो राहुल गांधी शामली में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह चौसाना में सियासी रैली के जरिये गरजने को आ रहे हैं।
इन तीनों ही नेताओं का कार्यक्रम जिला प्रशासन को मिल गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की थानाभवन में टेलीफोन एक्सचेंज के सामने मैदान पर जनसभा की तैयारियां शनिवार को पूरी हो गई। रविवार पांच फरवरी को वह जनसभा करके थानाभवन सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश राणा के लिए वोट मांगेंगे। वहीं, कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी छह फरवरी को शामली में भैंसवाल रोड पर स्थित वीवी डिग्री कॉलेज के मैदान से शामली सीट से कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशी पंकज मलिक के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके लिए शनिवार को ही कई विभागों की टीम वीवी डिग्री कॉलेज के मैदान पर पहुंची और जनसभा की तैयारियों के संबंध में लंबी चर्चा हुई।
उधर, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सात फरवरी को कैराना सीट से भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के समर्थन में चौसाना में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
उनका कार्यक्रम भी भाजपा के स्थानीय नेताओं के साथ ही पुलिस प्रशासन को प्राप्त हो गया है। अब देखना यह है कि राजनीति के दिग्गजों की शामली में हो रही जनसभाएं अपने प्रत्याशियों के लिए क्या करिश्मा कर पाती हैं। साथ ही इन नेताओं की जनसभाएं काफी हद तक चुनावी समीकरणों की तस्वीर साफ करेंगी।