शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को विभिन्न दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने कॉलेजों में शिक्षकों द्वारा कक्षा में मोबाइल प्रयोग, प्रतिदिन श्रमदान, पान-गुटखे की पीक दीवारों पर न करने और समय पर आने-जाने के निर्देश दिए है। किसी भी कार्य में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को डीआईओएस एसएम सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशानुसार जनपद के सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और कर्मचारियों को कॉलेजों में बदलाव के लिए दिशा निर्देश जारी किए है। इसमें जनपद के सभी सीबीएसई, आईसीएसई, शासकीय, अशासकीय, वित्त विहीन मान्यता प्राप्त कॉलेजों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों को को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी शिक्षक, कर्मचारी किसी भी दशा मेें कॉलेज अवधि में पान, मसाला, गुटखा, तंबाकू और सिगरेट आदि का प्रयोग नहीं करेगा। अगर किसी भी कॉलेज परिसर या कार्यालय में कहीं भी पान-मसाला आदि के दाग-धब्बे हो तो उन्हें तुरंत साफ करा दिया जाएं। कॉलेज परिसर के आस पास मसाले व सिगरेट की दुकानें न संचालित हो, यदि हो तो उन्हें तत्काल बंद कराएं। सभी शिक्षक और अध्यापिका मर्यादित परिधान का ही प्रयोग करें। प्रत्येक कॉलेज में प्रार्थना कराई जाएं।
नैतिक शिक्षा अवश्य दी जाएं। जिसमें स्वच्छता के संबंध में जागरूक किया जाएं। वहीं बच्चों को समझाए कि तंबाकू और पान से मानव जीवन में गलत प्रभाव
पड़ता है। कक्षा मेें कोई भी शिक्षक या शिक्षिका मोबाइल का प्रयोग नही करेंगे। सभी शिक्षक, कर्मचारी कॉलेज में समय से आना और समय से ही जाना है।
कॉलेज परिसर में सभी शिक्षक और कर्मचारी प्रतिदिन आधा घंटा प्रतिदिन श्रमदान किया जाए। उन्होंने सभी से निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में कोई लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इंटर की परीक्षा में 166 छात्र-छात्राएं गैरहाजिर
शामली। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा में पूरे जनपद में 166 छात्र-छात्राएं परीक्षा से गैरहाजिर रहे। मंगलवार को द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की विज्ञान वर्ग में रसायन विज्ञान की द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। जिसमें सभी केंद्रों पर 3,228 छात्र छात्राएं पंजीकृत रहे। इनमें 3126 ने परीक्षा दी और 102 बच्चों ने परीक्षा छोड़ी।
कॉमर्स वर्ग में बहीखाता एंव लेखाशास्त्र की द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई, जिसमें 1133 पंजीकृत रहे। 1076 ही परीक्षा में शामिल हुए, जिसमें 57 बच्चे परीक्षा से गैरहाजिर रहे। कृषि वर्ग में अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई, जिसमें 336 बच्चे पंजीकृत रहे। इनमें से 329 ने परीक्षा दी और 7 ने परीक्षा छोड़ी। इसके साथ ही आसपास के जनपद में नकल चलने का जिक्र होते ही डीआईओएस एसएम सिद्दीकी ने संवेदनशील व अति संवेदनशील केंद्रों पर छापामारी की।
जनपद में अतिसंवेदनशील केंद्र मुरली मनोहर इंटर कॉलेज इस्सोपुर टील पर सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ ही केंद्र पर डेढ़ घंटे तक डेरा डाले रखा, जिसके बाद उन्होंने टीम के साथ जयभारत इंटर कॉलेज चौसाना और राजकीय इंटर कॉलेज कमालपुर में भी छापामारी की।