शामली जनपद के कैराना थाना क्षेत्र के गांव पठेड में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जब 25 वर्षीय दर्जी सचिन कुमार की प्रेस से करंट लगने के कारण मौत हो गई। मृतक सचिन गांव का ही रहने वाला था और अकबरपुर सुनहटी में अपने बड़े भाई के साथ दर्जी की दुकान चलाता था।
सोमवार दोपहर करीब 1 बजे वह अपने घर पर अकेले प्रेस कर रहा था। इसी दौरान उसने प्रेस से तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आकर बेहोशी की हालत में गिर गया। घर पर उस वक्त सिर्फ उसकी पत्नी मौजूद थी। कुछ देर बाद जब वह कमरे में गई, तो पति को बेसुध देखकर शोर मचा दिया।
यह भी पढ़ें:PHOTOS: भक्तिभाव से सराबोर हुआ कांवड़ मार्ग, चलती झांकियों में दिखी शिव महिमा, कलाकारों ने मन मोहा
परिजन सचिन को तुरंत कैराना और फिर झिंझाना के निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सचिन की शादी तीन साल पहले हुई थी और उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। उनका एक छोटा बेटा भी है।
इस अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोमवार देर शाम गमगीन माहौल में सचिन का अंतिम संस्कार कर दिया गया।