शामली। जैन मुनि सौरभ सागर महाराज ने कहा कि इंसान सिर्फ दुखों में ही भगवान को याद करता है, जबकि सुख में भगवान को भूलकर वह दुनिया में खोया रहता है। भगवान को सुख में भी याद करना चाहिए।
श्री दिगंबर जैन साधु सेवा समिति की ओर से महावीर मार्ग स्थित जैन धर्मशाला में सिद्धचक्र महामंडल विधान के आठवें दिन रविवार को संदीप जैन शास्त्री हस्तिनापुर द्वारा सभी इंद्र इंद्राणियों का पूजन कराया गया। वहीं, प्रवचन के दौरान जैन मुनि सौरभ सागर महाराज ने कहा कि जो भगवान को भूलता है, उसके साथ परेशानी बढ़ती जाती हैं।
हमें भावपूर्वक मंदिर जाना चाहिए और ईश्वर की आराधना निरंतर करनी चाहिए। उससे हमारा वर्तमान तो अच्छा बन जाएगा, बल्कि भविष्य भी अच्छा हो जाएगा। जब वैवाहिक जीवन में प्रवेश करें, तो तीर्थ यात्रा जरूर करनी चाहिए। इससे दांपत्य जीवन सुखी हो जाता है। जैन मुनि ने कहा कि मौजूदा दौर में शादी के बाद लोग हिल स्टेशन पर जाते हैं, जबकि वहां जाने से दिमाग हिल जाता है। सम्मेद शिखर की यात्रा भी अवश्य करनी चाहिए।
उधर, शनिवार शाम हस्तिनापुर गुरुकुल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किए, जिसमें नाटिका, देशभक्ति गीत सुनाए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक तेजेंद्र निर्वाल द्वारा भगवान महावीर के चित्र का अनावरण कर किया गया। सकल जैन समाज द्वारा तिलक कर और पटका पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान दीपक जैन, राजीव जैन, जिनेंद्र जैन, अंकित जैन, यशपाल पंवार, पंकज जैन, ललित जैन, मनोज जैन, प्रदुमभन जैन, सचिन जैन, अनिल जैन, मोहित जैन, जेके जैन, वीरेश जैन, अरविंद जैन, सुंदरलाल जैन, राहुल जैन, अखिलेश जैन, सतेंद्र जैन आदि मौजूद रहे।