शामली। इस बार एक माह देरी गुड़-खांडसारी इकाई शुरू हुई है। जिले में छोटी खांडसारी इकाइयों ने गुड़-शक्कर बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। कोल्हू मालिक किसानों का 255 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना खरीद रहे हैं। शामली मंडी में नए गुड़ शक्कर की आवक शुरू हो गई है।
पिछले साल सितंबर माह शुरू होते ही जिले में 250-300 खांडसारी इकाई का सीजन शुरू हो गया था। पांच सितंबर को नया गुड़ शामली मंडी में आ गया था। इस साल सितंबर माह में अच्छी बरसात होने से गुड़-खांडसारी इकाई चालू नहीं हो पाई थी। बरसात खत्म होने के बाद जिले में खांडसारी इकाई चालू होनी शुरू हो गई है। जिले के चूनसा आदमपुर, अगड़ीपुर समेत कई गांवों में कोल्हू चलने शुरू हो गए हैं। कोल्हुओं पर किसानों का गन्ना 255 रुपये क्विंटल बिक रहा है।
चूनसा गांव के कोल्हू मालिक पिंटू मलिक का कहना है कि शुरुआती दौर में 255 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना किसानों से खरीदा जा रहा है। वह प्रतिदिन 50 क्विंटल गन्ना खरीद रहे हैं। एक क्विंटल गन्ने में सात किलो गुड़ तैयार हो रहा है। गन्ने में रिकवरी कम आ रही है। हालांकि जिले में चीनी मिलों को पेराई सत्र अभी तक चालू नहीं हुआ है। 25 अक्तूबर से चीनी मिलों का पेराई सत्र शुरू होने की संभावना है।
शामली और मुजफ्फरनगर मंडी में गुड़ शक्कर का स्टॉक खत्म
शामली मंडी में नया गुड़ 3600-3700 रुपये व शक्कर 4000 रुपये क्विंटल आढ़तियों ने खरीदना शुरू कर दिया है। शामली मंडी के आढ़ती राजेश कुमार संगल ने बताया कि मुजफ्फरनगर और शामली मंडी में गुड़ व शक्कर का स्टॉक खत्म हो गया है। नए गुड़ शक्कर की हरियाणा, पंजाब, राजस्थान में मांग बढ़ने की उम्मीद है। अक्तूबर माह में दशहरा के बाद जैसे-जैसे सीजन बढ़ेगा तो मंडी में गुड़ शक्कर की आवक बढ़ेगी। हरियाणा- पंजाब और राजस्थान गुड़ की मांग बढ़नी शुरू होगी।