शामली में गन्ने की टैक्टर ट्रॉली से रात्री में शहर में लगा जाम
- फोटो : SHAMLI
शामली। तकनीकी खराबी से बंद हुई शामली शुगर मिल मंगलवार शाम करीब पांच बजे चालू हो गई। जिसके बाद मिल ने तौल शुरू कर गन्ना लेना शुरू कर दिया है। तौल शुरू होते ही गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रालियों के कारण शहर में जाम लग गया।
सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे शामली शुगर मिल की मशीन का बोरिंग टूटने से मिल बंद हो गई थी। जिसके बाद अधिकारियों ने गन्ने की तौल भी बंद करा दी थी। मध्यरात्रि के बाद तकनीकी टीम काम में जुटी रही। मंगलवार शाम करीब पांच बजे के बाद मिल चालू हो गई। गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया के अनुसार सोमवार को करीब 65 हजार क्विंटल गन्ने का इंडेंट था, जबकि मंगलवार को करीब 70 हजार क्विंटल गन्ने का इंडेंट पूर्व में जारी थी। सोमवार को 65 हजार क्विंटल में से 35 से 40 हजार क्विंटल गन्ना मिल पर पहुंच गया था ऐसे में सोमवार के बचे गन्ने और मंगलवार के इंडेंट को मिलाकर एक लाख क्विंटल से अधिक गन्ना बुधवार को मिल में पहुंचने की उम्मीद है जो सामान्य औसत से करीब डेढ़ गुना है। मंगलवार शाम मिल शुरू होते ही शहर में किसान गन्ने से भरी बोगियां, ट्रैक्टर लेकर पहुंच गए। जिस कारण शहर में भीषण जाम लग गया।
कोट
सोमवार रात मिल बंद होने की वजह से बुधवार को दो दिन के इंडेंट का गन्ना आने की संभावना है। ऐसे में गन्ने के वाहनों की अधिकता से कुछ जाम की स्थिति हो सकती है, इसी वजह से मिल प्रशासन ने 20 फरवरी के दिन के लिए कोई इंडेंट जारी नहीं किया है। 20 फरवरी को इंडेंट शून्य कर दिया गया है। जाम की स्थिति को देख मिल प्रशासन ने अपने सिक्योरिटी गार्ड की भी व्यवस्था अग्रसेन पार्क और मिल रोड पर की है । - कुलदीप पिलानिया, गन्ना महाप्रबंधक शामली मिल
शामली में गन्ने की टैक्टर ट्रॉली से रात्री में शहर में लगा जाम- फोटो : SHAMLI