शामली जिले की खस्ताहाल 283 ग्रामीण सड़कों की सूरत जल्द बदलेगी। 92 करोड़ 46 लाख 83 हजार रुपये की लागत से इन सड़कों की विशेष और सामान्य मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों का एस्टीमेट बनवाकर शासन को भेजा गया है।
लोकनिर्माण विभाग के प्रमुख सचिव समेत कई आला अफसरों की वीडियो कांफ्रेसिंग में डीएम से ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, नवीनीकरण, विशेष और सामान्य मरम्मत के प्रस्ताव मांगे थे। डीएम सुजीत कुमार के निर्देश पर लोनिवि, गन्ना विभाग, मंडी परिषद, एवं सिंचाई विभाग की 283 सड़कों का प्रस्ताव तैयार कराया गया। 283 सड़कों में लोक निर्माण विभाग की सामान्य मरम्मत की 175.77 किमी, विशेष मरम्मत की 221.58 किमी सड़क शामिल हैं। ग्रामीण मार्ग की सामान्य मरम्मत से नवीनीकरण में 175.77 किमी, गन्ना विभाग की 1.25 किमी मंडी परिषद की 23.50 किमी शामिल हैं।
ग्रामीण सड़कों की विशेष मरम्मत नवीनीकरण में लोक निर्माण विभाग की 221.58 किमी, गन्ना विभाग की 44.80 किमी, मंडी परिषद का 18.79, सिंचाई विभाग की 20.55 किमी शामिल हैं। ध्वस्त ग्रामीण मार्गों में पुन: निर्माण की कार्ययोजना में लोक निर्माण की 164.83 किमी, गन्ना विभाग की 27.66 किमी, मंडी परिषद की 12.40 किमी, सिंचाई विभाग की 7.50 किमी शामिल है। अन्य जिला मार्गों में सामान्य मरम्मत से नवीनीकरण की कार्ययोजना में कोई सड़क शामिल नहीं है।
अन्य जिला मार्गों पर विशेष मरम्मत से नवीनीकरण की कार्ययोजना में 18 किमी, अन्य जिला मार्ग जो ध्वस्त है के पुनर्निर्माण की कार्य योजना में 70.08 किमी, अन्य जिला मार्ग एवं ग्रामीण मार्गों पर गड्ढा मुक्ति की कार्य योजना में 110.40 किमी शामिल है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि जिले की 916.70 किमी सड़कों पर 92 करोड़ 46 लाख 63 हजार रुपये का एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया है। धनराशि स्वीकृत होने पर सड़कें के टेंडर छोड़कर कार्य कराया जाएगा।