लक्ष्य तय कर मेहनत करने से मिलती है सफलता
शामली। शनिवार को घोषित हुए सीआईएससीई के 10वीं व 12वीं के रिजल्ट में टॉपर्स रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत की गई तो उनका कहना है कि लक्ष्य बनाकर मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है। उनका कहना है कि उन्हें जो अंक मिले हैं, उससे संतुष्ट तो हैं, लेकिन अगर परीक्षा होती तो और अच्छे अंक आ सकते थे।
कक्षा 10 में टॉपर रहे मोहल्ला काकानगर निवासी उमंग गुप्ता ने बताया कि उसे रात को पढ़ाई करने की आदत है। उनका कहना है कि ज्यादा से ज्यादा मेहनत करने से सफलता मिलती है। वह इंजीनियर बनना चाहता है। उमंग के पिता अमित गुप्ता दवा व्यापारी हैं और मां रीना गुप्ता गृहणी हैं। पढ़ाई में उन्हें माता-पिता का पूरा सहयोग मिला, जिससे उसने यह सफलता पाई है। उसका कहना है कि अगर परीक्षा होती तो और अच्छे अंक आ सकते थे।
कक्षा 10 में टॉपर सूची में दूसरे नंबर पर रहे कमला कालोनी निवासी अभिमन्यु मिश्रा ने कहा कि उसे जो अंक मिले हैं, उससे वह खुश हैं। हालांकि परीक्षा होती तो और अच्छे अंक मिलते क्योंकि उसने पूरे साल अच्छी तैयारी की थी। डॉक्टर बनना उसका सपना है। उसका कहना है कि मन लगाकर पढ़ाई करें तभी सफलता मिलती है। उसके पिता राजेश मिश्रा एडवोकेट हैं और मां अरुणिमा मिश्रा शिक्षिका हैं।
कक्षा 12 में टॉपर रही गांव टिटौली निवासी छात्रा प्राची सिंह का सपना डॉक्टर बनना है। उसका कहना है कि नियमित पढ़ाई करने, नोट्स बनाने, रिवीजन करना और पढ़ाई संबंधी कोई कठिनाई आए तो शिक्षकों से हल कराना आदि ऐसे टिप्स हैं, जिससे सफलता मिलती है। उसे जो अंक मिले है उससे वह खुुश है, लेकिन परीक्षा होती तो और ज्यादा अंक आने की उम्मीद थी। उनके पिता प्रदीप सिंह किसान है और मां रेणु गृहणी है। इस सफलता में उसे माता-पिता का पूरा सहयोग मिला है।