विद्यार्थियों को कराया योगाभ्यास, बताए योग के लाभ
शामली। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल शामली में आजादी के महोत्सव के तहत योगाचार्य श्रीपाल धामा ने विद्यार्थियों को योग का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि कहा कि योग से शरीर स्वस्थ रहता है। साथ ही रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है।
मंगलवार को स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ योगाचार्य श्रीपाल धामा, सुभाषचंद्र शर्मा और प्रधानाचार्य संजय सैनी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। श्रीपाल धामा ने विद्यार्थियों को बताया कि हमें नित्य प्रति प्रात: काल उठना चाहिए। नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि फास्ट फूड खाने से पेट में बीमारियां पैदा होने का खतरा रहता है। भारत ऋषि-मुनियों का देश रहा है, योग की पद्धति भारत में पहले से ही थी, जिसको हमने भुला दिया था। वर्तमान समय में अब फिर हमें योग का महत्व समझ में आ रहा है। उन्होंने ओम का उच्चारण करने का आह्वान किया और चीनी के स्थान पर गुड़ और शक्कर आदि का प्रयोग करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को ताड़ासन, चक्रासन, सिद्धासन, मकरासन आदि योग करके दिखाए। इस अवसर पर राजीव शर्मा, प्रवेश शर्मा, रविंद्र कुमार, मुकेश कुमार, शिवकुमार धीमान, सविता गुप्ता, प्रीति शर्मा, रितु, रोहिला, मोहित कुमार, आदेश धीमान, संजीव बालियान आदि मौजूद रहे।