झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर तेज रफ्तार ने मिनी ट्रक चालक की जान ले ली। आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे मिनी ट्रक की ट्रक से टक्कर हो गई। चालक क्षतिग्रस्त ट्रक में फंसा रह गया और सीट पर ही दम तोड़ दिया।
घटना शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे की है। शामली की ओर से डीसीएम लेकर चालक करनाल की तरफ जा रहा था। जब वह झिंझाना क्षेत्र में मेरठ करनाल हाईवे पर गांव केरटू के पास पहुंचा, तो आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इस कारण मिनी ट्रक की ट्रक में जबरदस्त टक्कर हो गई।
चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि क्षतिग्रस्त मिनी ट्रक में उसका चालक फंसा रह गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद झिंझाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त मिनी ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
थाना प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि मिनी ट्रक में मिले कागजों के आधार पर चालक पहचान बलबीर सिंह (51) निवासी रायपुर पंजाब के रूप में हुई है। इसके बाद उसके परिजनों को सूचना दे दी गई। दोपहर में चालक के भाई स्वर्ण सिंह ने झिंझाना थाने पहुंचकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, कस्बा के मोहल्ला शैदमीर निवासी राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व प्रदेश सचिव देवेंद्र तोमर शुक्रवार दोपहर बाद ऊन से अपनी बाइक पर झिंझाना आ रहे थे। गांव सिकंदरपुर के पास ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई तथा देवेंद्र तोमर का सिर सड़क पर टकराने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें झिंझाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और पुलिस को सूचना दे दी।
वहीं, आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाना झिंझाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।