शामली। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की स्पेशल ट्रेन शामली स्टेशन पर नहीं रुकी। वह सीधे सुबह 10:50 बजे नानौता की ओर रवाना हो गए। स्पेशल ट्रेन की लाइन क्लीयर करने के लिए शामली से सुबह दस बजे दिल्ली जाने वाली सीएनजी, लाल पेसेंजर ट्रेन को एक घंटे तक शामली-कांधला में ही रोक लिया गया।
मंगलवार को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की स्पेशल ट्रेन दिल्ली से चलकर शामली रेलवे स्टेशन पर 10:50 बजे पहुंची। चलती ट्रेन से ही रेलवे कर्मचारी ने टोकन नीचे गिराया और रेलवे ट्रैक की साइड पर स्टैंड से नया टोकन लेकर नानौता के लिए बिना रुके रवाना हो गई। इस मौके पर शामली स्टेशन मास्टर संजीव शर्मा और रेल राज्यमंत्री की ट्रेन को हरी झंडी दिखाने वाला कर्मचारी मौजूद रहे।
रेल राज्यमंत्री की स्पेशल ट्रेन की लाइन क्लीयर कराने के लिए शामली से दिल्ली के लिए चलने वाली सीएनजी ट्रेन को एक घंटा तक शामली में रोकना पड़ा। इस ट्रेन का शामली से दिल्ली चलने के लिए सुबह दस बजे का समय निर्धारित है।
रेल राज्यमंत्री की स्पेशल ट्रेन शामली से नानौता के लिए रवाना हो जाने के बाद इस ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। दिल्ली से सुबह साढ़े सात बजे सहारनपुर के लिए चलने वाली 51911 लाल ट्रेन को कांधला में रोक लिया गया था। रेल राज्यमंत्री की ट्रेन निकल जाने के बाद इस ट्रेन को रवाना किया गया।
बीकानेर हरिद्वार स्पेशल ट्रेन स्थायी रूप से चले
शामली। मंगलवार को प. उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व में व्यापारी नानौता पहुंचे। जहां रेल राज्यमंत्री को ज्ञापन देकर अवगत कराया कि दिल्ली, शामली, सहारनपुर रेलमार्ग से सैकड़ों यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं।
इसको देखते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और दिल्ली से शामली आने वाली रात्रि 11 बजे ट्रेन को सहारनपुर तक चलाए जाने की मांग की। दिल्ली से शाम चार बजे 74028 ट्रेन बड़ौत में आकर रूक जाती है। इसको बड़ौत से शामली तक चलाए जाने और शामली से इलाहाबाद, लखनऊ से माता वैष्णो देवी तक चलाए जाने की मांग की।
वहीं, बीकानेर से रेवाड़ी और दिल्ली शामली होकर हरिद्वार तक स्थायी रूप से चलाए जाने की मांग की है। सफाई कर्मियों संख्या बढ़ाने और टिकट खिड़की बढ़ाने की मांग की। मौके पर घनश्याम दास गर्ग, सुभाष धीमान, विवेक कुमार सिंह, राजकुमार सिंह, सुरेेंद्र वर्मा, विजय कुमार मौजूद रहे।
रेल राज्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
जलालाबाद। नगर से एक प्रतिनिधिमंडल नानौता कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा से मिला। जहां पर प्रतिनिधिमंडल ने थानाभवन (जलालाबाद) रेलवे स्टेशन पर अजमेर-हरिद्वार, बीकानेर -हरिद्वार ट्रेनों के स्टॉपेज किए जाने संबंधी ज्ञापन सौंपा। उधर, नगर पंचायत जलालाबाद की अध्यक्षा रमा अशरफ की ओर से भी रेल राज्यमंत्री को इसी मांग का एक ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें उक्त ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग की गई है। इस दौरान राजेश कुमार, दिनेश कुमार गर्ग, डॉक्टर यशपाल शर्मा, सोनू सैनी, विनोद कुमार, पूरण चंद, विकास सैनी, असलम, नरेंद्र चौधरी आदि शामिल रहे।