शामली। बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं एमएलसी अतर सिंह राव ने कहा कि सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में सपा और भाजपा ने मिलकर दंगा कराया था। इसका फायदा भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में लिया। हो सकता है कि आने वाले चुनाव को देखकर भी यह दोनों पार्टियां दंगा करा दें। इसलिए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। खासकर पिछड़ा वर्ग के लोगों को क्योंकि उन्हीं को मोहरा बनाकर झगड़ा कराया जाता है।
शनिवार को कैराना रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में आयोजित पिछड़ा वर्ग भाईचारा सम्मेलन में राव ने यह बात कही। नोटबंदी को उन्होंने देश में आर्थिक इमरजेंसी करार दिया।
कहा कि आज देश में दलित कुट रहा है, मुसलिम पिट रहा है और व्यापारी लुट रहा है। प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि अच्छे दिन लाने की बात करने वालों ने देश की गरीब जनता को बैंकों के बाहर लाइन में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों को शादी के लिए ढाई लाख रुपये नहीं मिले, जबकि भाजपा नेता नितिन गड़करी की बेटी की शादी में 50 करोड़ और रेड्डी की बेटी की शादी में 600 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को सिर्फ तीन चीजें प्यारी हैं, अडानी, अंबानी और स्मृति इरानी।
सपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि साइकिल का एक पहिया अखिलेश, दूसरा शिवपाल के हाथ में आ गया। उन्होंने कहा कि पिछड़े, शोषितों और दलितों की भलाई में बसपा ने अनेक कार्य किए हैं।
इनसे पूर्व बसपा के जोन कोआर्डिनेटर नरेश गौतम और पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस ने भी भाजपा और सपा पर प्रहार किए। मुख्य जोन कोआर्डिनेटर यशवीर गौतम, कुलदीप बालियान, सुशील नहारिया, जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम, अखलाक प्रधान, वेदपाल गहलौत, बिजेंद्र निर्वाल, शिवकुमार सैनी, प्रवीण कोरी, वीरेंद्र कश्यप, रामनिवास पाल, रविंद्र कुमार गौतम, योगेंद्र, बिजेंद्र प्रजापति, डाक्टर रविंद्र सैन, वीर सिंह गौतम, संजीव जाटव, राहुल गुप्ता, डाक्टर ब्रजपाल सिंह, सरफराज कुरैशी, लोकेंद्र आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता डा. रामलाल कश्यप ने की और संचालन प्रदीप सैनी ने किया।
मोहम्मद इस्लाम को प्रत्याशी घोषित किया
कार्यक्रम के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी अतर सिंह राव ने शामली विधानसभा सीट से मोहम्मद इस्लाम को प्रत्याशी घोषित किया। इसके अलावा शामली निवासी विजय कौशिक ने अपने समर्थकों सहित भाजपा छोड़कर बसपा ज्वाइन की।
पुराने बसपाइयों में नाराजगी
बसपा के साथ काफी समय से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम पर गंभीर आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। इसराइल, वेदप्रकाश जाटव, श्रीपाल गोयल, रविकांत मौर्य, सतपाल निर्वाल, भोपाल, बिट्टू उपाध्याय, हरपाल कश्यप, रशीद राणा, सुनील जाटव और सुभाष कोरी का आरोप है कि जिलाध्यक्ष मनमानी कर रहे हैं तथा कार्यकर्ताओं को पार्टी कार्यक्रमों की सूचना तक नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे ही चलता रहा तो कार्यकर्ताओं को पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।