शामली। काबड़ौत गांव में मंगलवार को हुई मारपीट की घटना में घायल सेना के जवान की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बृहस्पतिवार शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी एक नाबालिग समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
काबड़ौत निवासी 27 वर्षीय आर्यन पुत्र उमेश सेना में था और पिछले कुछ दिनों तक इलाहाबाद में उसकी तैनाती थी। हाल ही में उसका तबादला आसाम हो गया था। जिसके बाद वह एक माह की छुट्टी लेकर गांव आ गया था। बताया गया कि वह शराब पीने का आदी था। जिसकी वजह से उसका पत्नी से भी विवाद चल रहा है। 31 मई को उसकी शराब के नशे में परिवार के लोगों से ही कहासुनी और मारपीट हो गई थी। जिसमें आर्यन घायल हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया था। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी तहरीर पर पुलिस ने अभिषेक पुत्र कर्मवीर और ओमबीर पुत्र मलखान व एक नाबालिग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
बृहस्पतिवार को सैन्य अस्पताल में उपचार के दौरान आर्यन की मौत हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मेरठ की सदर बाजार पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। शव शाम को काबड़ौत पहुंचा और अंतिम संस्कार कर दिया गया। सहारनपुर से सेना के जवान भी काबड़ौत पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मामले में हत्या की धारा बढ़ा दी गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।