ग्राम प्रधान के लिए अब तक 210 पर्चे खरीदे गए
शामली/कैराना। जिले में पंचायत चुनाव तीसरे चरण में है। नामांकन पत्रों की खरीद बढ़ने लगी है। 230 ग्राम पंचायतों में होने वाले प्रधान पद के चुुनाव के लिए अब तक 210 नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं, जबकि जिला पंचायत सदस्य के लिए 31 लोग नामांकन पत्र लेकर जा चुके हैं।
बुधवार को जिले के पांचों ब्लाक में ग्राम प्रधान पद के लिए 193, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 79, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 42 नामांकन पत्र खरीदे गए, जबकि जिला पंचायत सदस्य के लिए 25 प्रपत्रों की खरीद हुई। अब तक ग्राम प्रधान पद के लिए कुल 210, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए कुल 117, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए कुल 67 और जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 31 नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं।
कैराना ब्लॉक के एडीओ वसीम अहमद ने बताया कि बुधवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 31 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसमें से 15 नामांकन पत्र अनारक्षित सीट और 16 आरक्षित सीट के लिए हैं। ग्राम प्रधान पद के लिए कुल 63 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई, जिसमें से 52 नामांकन पत्र आरक्षित सीट के लिए तथा 11 नामांकन पत्र अनारक्षित सीट के लिए हैं। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 17 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई, जिनमें से आठ नामांकन पत्र आरक्षित सीट और नो नामांकन पत्र अनारक्षित सीट के लिए हैं। जिले में 13 अप्रैल से नामांकन शुरू होगा तथा चुनाव 26 अप्रैल को है।