जमीन के लालच में बड़े भाई ने की थी सतेंद्र की हत्या
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव लांक में तीन दिन पहले अविवाहित सतेंद्र की गला घोंटकर व सिर पर ईंट से प्रहार कर उसके बड़े भाई शोकेंद्र ने हत्या की थी। पुलिस ने इस केस का खुलासा करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त ईंट व खून लगे कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि ढाई बीघा जमीन के लालच में यह हत्या की गई थी।
कोतवाली पुलिस को 28 मार्च की रात को सूचना मिली कि गांव लांक के जंगल में ट्यूबवेल पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान सतेंद्र उर्फ मिट्ठन (49), निवासी गांव लांक के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि सतेंद्र करीब पांच साल से गांव सोरम जिला मुजफ्फरनगर में रह रहा था। होली पर 27 मार्च को गांव लांक में आया था। हत्या की रिपोर्ट मृतक के बड़े भाई शोकेंद्र की तरफ से दर्ज कराई गई थी, जिसमें उसने अपने चचेरे भाई धर्मेंद्र व गांव सिंभालका निवासी बिजेंद्र उर्फ बिल्लू पर हत्या करने का शक जताया था। दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि घटना वाले दिन शाम करीब चार बजे सतेंद्र खेत पर पानी चलाने के लिए नलकूप पर गया था। शाम को उसके भाई सतेंद्र का शव पड़ा मिला। मृतक के सिर में चोट के निशान थे और गमछे से गला घोंटा गया था। एसपी सुकीर्ति माधव ने घटना के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलास टीम को लगाया था। बृहस्पतिवार को एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में मृतक के बड़े भाई शोकेंद्र को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त ईंट और आरोपी के खून लगे कपड़े बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि ढाई बीघा जमीन के लालच में सतेंद्र की हत्या की गई थी। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
इस तरह की गई थी हत्या
शामली। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपी शोकेंद्र उर्फ काला से पूछताछ में जानकारी मिली कि सतेंद्र अविवाहित था, जिसके हिस्से में ढाई बीघा जमीन थी। शोकेंद्र को शक था कि कहीं वह अपने हिस्से की जमीन अपने चाचा के लड़के के नाम न कर दे। 28 मार्च को घटना के एक दिन पूर्व ही सतेंद्र होली पर गांव लौटा था। इसी दौरान उसने अपने भाई की हत्या की साजिश रची, जिससे मृतक के हिस्से की जमीन उसे मिल जाए। घटना वाले दिन दोनों भाइयों ने दोपहर में एक होटल पर शराब पी और वापस घर आ गए। वहां से उसने सतेंद्र को खेत में पानी लगाने के लिए नलकूप पर भेज दिया और कुछ समय बाद खुद भी वहां पहुंच गया, जहां दोनों ने एक बार फिर शराब पी। शराब के नशे में उसने ईंट से अपने भाई के सिर में प्रहार किए और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।