टीकाकरण के लिए पांच जून तक स्लाट हुए फुल
शामली/कैराना। जिले में 18 से 44 साल तक के व्यक्तियों को कोरोनारोधी टीकाकरण मंगलवार से शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी करते हुए ऑनलाइन पंजीकरण कराने वालों के लिए आठ बूथ बनाए हैं। प्रत्येक बूथ पर 100 व्यक्तियों को टीकाकरण किया जाएगा। उधर, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए पांच जून तक स्लाट फुल हो गए हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि जिले में 18 प्लस उम्र वालों को आठ बूथों पर टीकाकरण किया जाएगा। इनमें सीएचसी शामली और वीवी इंटर कालेज शामली के बूथ पर उन अभिभावकों का टीकाकरण होगा, जिनके बच्चे 12 साल से कम उम्र के है। बाकी छह बूथ प्राथमिक विद्यालय मुंडेट, महिला पॉलिटेक्निक शामली, सीएचसी कैराना, सीएचसी ऊन और सीएचसी जसाला पर 18 साल से अधिक उम्र के ऑनलाइन पंजीकरण कराने वालों को टीकाकरण किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर 100 व्यक्तियों को टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। वीवी इंटर कॉलेज व मुंडेट के बूथ को छोड़कर बाकी छह बूथों पर 45 साल से अधिक उम्र वाले व्यक्तियों को भी टीकाकरण किया जाएगा। इनके अलावा जिले में 21 बूथों पर भी 45 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों को टीकाकरण किया जाएगा। इसके अलावा कैराना कोर्ट, कलक्ट्रेट, सीडीओ ऑफिस, एलडीएम ऑफिस में बूथ पर ही रजिस्ट्रेशन कर टीकाकरण किया जाएगा। इन बूथों पर 18 प्लस वाले और 45 प्लस उम्र वाले 50-50 व्यक्तियों को टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
कैराना सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. भानु प्रकाश ने बताया कि सीएचसी पर दो बूथ लगाए जाएंगे। एक बूथ पर 18 साल से अधिक उम्र के तथा दूसरे बूथ पर 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 18 साल से 44 साल तक के व्यक्तियों को के वैक्सीनेशन की सूचना के बाद कोविन ऐप पर लोगों के पांच जून तक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों को वैक्सीनेशन की तारीख भी ऐप पर दी गई हैं। सीएचसी के अलावा दो स्पेशल बूथ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में लगाए जाएंगे। जहां पर न्यायिक अधिकारियों व उनकी परिवारों को वैक्सीन लगाई जाएगी।