शामली और कांधला रेलवे स्टेशन के बीच केबल कटने से सिग्नल व्यवस्था ठप हो गई। इससे करीब दस ट्रेनें प्रभावित हुई। चार ट्रेनें दो से तीन घंटे विलंब से चली। नौ घंटे बाद सिग्नल व्यवस्था ठीक होने पर ट्रेनों का संचालन सहीं हुआ। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार सुबह करीब 5.35 बजे अचानक शामली में बुढ़ाना रोड फाटक की तरफ आउटर वाले सिगनल खराब हुए तो कांधला में स्टेशन के दोनों तरफ के सिगनल ने काम करना बंद कर दिया। शामली स्टेशन पर ब्लाक उपकरण के साथ बेसिक फोन, बीएसएनल का फोन, कंट्रोल फोन और वॉकी टॉकी आदि ठप होने से शामली और कांधला के बीच ट्रेनों के संचालन संबंधी जानकारी आदान प्रदान नहीं हो सकी। रेलवे अधिकारियों ने मोबाइल फोन से ही काम चलाया। अधिकारियों के मुताबिक शामली और कांधला के बीच रेलवे का केबल कटने से यह समस्या बनी। इसकी जानकारी मिलने पर सहारनपुर के चीफ सिगनल इंस्पेक्टर और शामली से सीनियर सेक्शन इंजीनियर साइट पर पहुंचे और केबल की मरम्मत का काम शुरू किया। करीब नौ घंटे बाद सिग्नल व्यवस्था ठीक हुई। सिगनल व्यवस्था ठप होने से दस ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। चार ट्रेनें दो से तीन घंटे से भी अधिक विलंब से चली। ट्रेनों का संचालन पेपर लाइन क्लियर टिकट के माध्यम से किया गया। इस प्रक्रिया में एक ट्रेन को चलाने में करीब 15 मिनट का समय लगा। ट्रेनें लेट होने से यात्री परेशान रहे। स्टेशन अधीक्षक (आरई) पीके बोस ने बताया कि शामली और कांधला के बीच केबल कटने के कारण दोनों स्टेशनों पर सिगनल व्यवस्था करीब नौ घंटे तक ठप रही, जिस कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
ये ट्रेनें हुई प्रभावित
ट्रेन संख्या 51909- दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन का शामली में पहुंचने का समय सुबह 8.20 बजे और रवाना होने का समय 8.50 बजे है। इस ट्रेन को कांधला स्टेशन पर रोका गया। करीब तीन घंटे बाद शामली पहुंची।
ट्रेन संख्या 74025- दिल्ली से शामली पहुंचने वाली ट्रेन का शामली पहुंचने का समय 7.25 बजे है। यह ट्रेन दो घंटा विलंब से पहुंची।
ट्रेन संख्या 54060- शामली से दिल्ली जाने वाली ट्रेन का शामली पहुंचने का समय 6.30 बजे है। यह ट्रेन करीब तीन घंटे विलंब से चली।
ट्रेन संख्या 51910- सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन का शामली पहुंचने का समय 8.50 बजे है। यह ट्रेन करीब तीन घंटा विलंब से दिल्ली के लिए रवाना हुई।