शामली। नोटबंदी के एक माह गुजर जाने के बाद भी बैंकों पर भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। बैंकों में कैश की किल्लत के चलते हर रोज शहर में हंगामा हो रहा है। जिससे शहर में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
शुक्रवार को शहर के बैंकों के बाहर कोहरे में ही लंबी लाइन लगी रही। शहर के एसबीआई पर सुबह से ही सड़क के किनारे दोनों ओर लंबी लाइन लगी रही। बैंक खुलने के बाद भी कैश वितरण शुरू नहीं हुआ तो ग्राहकों ने एसबीआई व ओरियंटल बैंक में हंगामा कर जाम लगा दिया। जिसके बाद एसबीआई पर हंगामे के बाद 10.20 पर कैश वितरण हो सका। वहीं कुछ बैंकों पर नो कैश का नोटिस लगा रहा।
यूनियन बैंक के बाहर भी ग्राहकों ने कैश ना मिलने पर हंगामा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर ग्राहकों को समझाने के बाद जाम खुलवाया। लाइन में लगे कुछ ग्राहकों ने बताया कि बैंकों में कैश की किल्लत के चलते घर का काम चलाना मुश्किल हो रहा है। सप्ताह में 24 हजार रुपये होने के बाद भी रोज बैंकों के बाहर सारा काम छोड़कर लाइन लगे रहते हैं।
अगर बैंक एक बार में ही ग्राहक को 24 हजार रुपये दे तो ग्राहक को रोज लाइन में लगना नहीं पडे़गा। आखिर क्या करें अगर लाइन में नही लगे तो घर का सामान व अन्य खर्च कैसे चलेगा। किसी बैंक में दस तो किसी में चार और किसी में दो हजार ही मिले। वही कुछ बैंकों में तो नो कैश का नोटिस ही लगा रहा।
एसबीआई में चार बजने के बाद 20 से 25 ग्राहक लाइन में लगने के बाद भी नंबर नहीं आया। जिसके बाद महिलाओं व पुरुषों ने बैंक के गेट पर हंगामा किया। बैंक में सुबह भी 20 मिनट से कैश वितरण शुरू हुआ, बीच में एक घंटे का लंच होने के बाद भी 15 मिनट बाद ही खिड़की खोली गई। चार बजते ही खिड़की बंद कर दी गई। सुबह से लाइन में खडे़ होने के बाद भी कैश नहीं मिल पाया, बैंक की 3 दिनों तक छुट्टी है। इमराना, इदरीश, अफजाल, दीपक, सोनू, समीर, आरिफ, सलीम, सोनू, बबीता, सुनील, राजकुमार आदि रहे।