साप्ताहिक बंदी में दुकानदारों ने आधा शटर खोलकर बेचा सामान
कैराना। साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन कर कुछ दुकानदार धड़ल्ले से व्यापार कर रहे हैं। शासन के निर्देश पर श्रमिकों को राहत देने के उद्देश्य से सप्ताह में एक दिन साप्ताहिक बंदी लागू की गई है। साप्ताहिक बंदी के दिन सभी तरह की दुकानें बंद रहती हैं। वहीं डीएम जसजीत कौर के निर्देश पर कैराना में बुधवार को साप्ताहिक बंदी लागू की गई है, लेकिन साप्ताहिक बंदी के दिन कुछ व्यापारी अपनी दुकानों के आधे शटर खोलकर सामान बेचते नजर आए।
गत रविवार को शामली में साप्ताहिक बंदी के दिन श्रम विभाग के अधिकारियों ने अभियान चलाया था तथा साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के चालान भी काटे थे। लेकिन कैराना में श्रम विभाग के अधिकारी बाजारों में नजर नहीं आए। जिसके चलते कुछ व्यापारियों ने साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन कर व्यापार किया। संवाद