शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात में हरियाणा के पानीपत और करनाल के शूटर भी शामिल थे। पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आशंका है कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी हरियाणा या दिल्ली की ओर भाग गए।
हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस, एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की कई टीमें लगाई गई हैं। शुक्रवार को टीमों ने शामली के अलावा हरियाणा के रोहतक, पानीपत और सोनीपत तथा दिल्ली के खजूरी खास समेत कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ के साथ उनके संपर्क और मोबाइल लोकेशन की भी जांच कर रही है।
- सीसीटीवी फुटेज से पहचान का प्रयास
पुलिस वारदात से पहले और बाद की सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। इसमें संदिग्धों के हुलिए और उनके आने-जाने के रास्तों का मिलान किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शूटर शामली कब पहुंचे, कहां ठहरे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में अहम सुराग हाथ लगे हैं। जांच में पता चला है कि हरियाणा के करनाल और पानीपत के शूटर भी घटना में शामिल थे। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गायक की लोकेशन कर्नाटक में
अंकित हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले गायक भूपेंद्र ढींगरा की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, भूपेंद्र ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था और इसे गाली का बदला बताया था। वह मूल रूप से गुरुग्राम का रहने वाला बताया गया है, जबकि उसकी वर्तमान लोकेशन कर्नाटक में मिलने की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाला भूपेंद्र वास्तव में हत्याकांड में शामिल है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वारदात के बाद आरोपी कर्नाटक की ओर तो नहीं भागे। पुलिस सभी संभावित ठिकानों और संपर्कों को खंगाल रही है।
-
हत्या के बाद फोन पर दी ‘काम पूरा होने’ की जानकारी
सीसीटीवी फुटेज में हमलावर वारदात के बाद बैग लेकर मौके से आसानी से जाते हुए नजर आ रहे हैं। फुटेज में एक हमलावर हत्या करने के बाद फोन पर किसी से बात करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। आशंका है कि वह फोन पर किसी को वारदात की जानकारी देते हुए ‘काम पूरा हो गया’ जैसी बात कह रहा था। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच में जुटी है।