झिंझाना। कस्बे के मोहल्ला माजरा, सीतापुरी और अलीनगर मार्ग पर स्थित नलकूपों पर खुलेआम कच्ची शराब की बिक्री हो रही है। इससे ग्रामीण परेशान हैं। डीएम को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
कस्बे के मोहल्ला माजरा, सीतापुरी, अलीनगर मार्ग पर जगह जगह कच्ची शराब की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। अधिकांश शराब विक्रेता महिलाएं हैं। जिन पर हाथ डालने से पुलिस भी कतराती है। मोहल्ले कुछ
लोगों ने बताया कि सुबह से लेकर शाम तक शराब पीने वालों की लाइन नहीं टूटती है। घर की छत पर रखी पानी की टंकी में पानी के बजाय शराब भर दी जाती है। जो भी ग्राहक शराब पीने आता है, उससे 20 रुपये लेकर पानी के लिए लगे नल की टोंटी खोलकर गिलास भरकर दे दिया जाता है।
मोहल्ले वासी सभासद आनंद चंचल, आकाश, विश्वास, पप्पू, अमित, नीरज, गौतम, मोहन लाल, प्रदीप, सोहलाल फौजी, सुनील, मनोज कुमार, विकास, विनोद, नारायण, अशोक आदि ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर कच्ची शराब की ब्रिकी बंद कराने की मांग की। सभासद के पति रवि गहलौत ने भी आंदोलन की चेतावनी दी आैर कहा कि कड़ा विरोध किया जाएगा। उधर, एसएसआई सतपाल सिंह का कहना है कि सूचना मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।