शामली जनपद के गढ़ीपुख्ता थानाक्षेत्र में गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां में सोमवार रात एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक ने पहले चोरी की और फिर घर को आग के हवाले कर दिया। पीड़ित जमील पुत्र अख्तर ने बताया कि उनके घर से साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लाखों के जेवरात चोरी हो गए।
चोरी के बाद आरोपी ने डीजल छिड़ककर घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखा घरेलू सामान, कपड़े, फर्नीचर और जरूरी कागजात जलकर राख हो गए। यह नकदी लोन की किस्त भरने के लिए और जेवरात बेटी की शादी के लिए इकट्ठा किए गए थे।
यह भी पढ़ें: Kanwar Yatra: कांवड़ मार्गों पर बसें बंद, स्कूलों में ताले-हाईवे वन वे, 10 मिनट के सफर में लग रहा एक घंटा
महिलाएं और बच्चे ही थे घर में
घटना के वक्त घर में महिलाएं और बच्चे सो रहे थे। आग लगने पर उनकी नींद टूटी और शोर मचाया गया। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और आग पर किसी तरह काबू पाया गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक खंभे के सहारे दीवार फांदते हुए नजर आया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।