चौसाना में लगभग चार हजार बीघा सार्वजनिक भूमि पर अवैैैध कब्जे के प्रकरण को लेकर मुजफ्फरनगर कचहरी में 24 साल से लगातार धरने पर बैठे विजय सिंह ने शामली से भूमाफिया भगाओ आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है।
शनिवार को नगरपालिका में पत्रकार वार्ता में मास्टर विजय सिंह ने बताया कि वे अपने गांव चौसाना की करीब चार हजार बीघा सार्वजनिक कृषि भूमि पर अवैध कब्जे हटवाने की मांग को लेकर मुजफ्फरनगर कचहरी में 24 साल से धरने पर बैठे है। इस अवधि में कई जांच होने के बाद करीब 300 बीघा भूमि को प्रशासन ने अवैध कब्जा मुक्त कराया। करीब 3200 बीघा भूमि पर जांच रिपोर्ट में घोटाला साबित हो चुका है और 81 हजार रुपये दंड स्वरूप राजकोष में जमा हुए है। इसके साथ ही 136 मुकदमे हेराफेरी के दर्ज हुए हैं। आरोप है कि इस प्रकरण में जांच और कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी, जबकि वे लगातार कार्रवाई की मांग करते आ रहे है। इस मामले में वे कई बार लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन उनसे मिलने का समय नहीं मिल पाया। उन्होंने डीएम अखिलेश कुमार से मिलकर इन अवैध कब्जाधारियों की सूची सौंपकर कार्रवाई की मांग है। अगर प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती तो 25 दिन बाद वे स्वयं लोगों के साथ अवैध कब्जा हटवाने की कार्रवाई करेंगे।
अवैैध कब्जाधारियों में शामली के उद्यमी भी शामिल
विजय सिंह का आरोप है कि सार्वजनिक कृषि भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले 24 लोगों की सूची में शामली के एक उद्यमी और उनका बेटा भी शामिल है, ये उद्यमी चौसाना के निवासी न होते हुए भी 38 बीघा भूमि पर काबिज है। जबकि यूपी जेडए भूमि अधिनियम के तहत गांव से बाहर के व्यक्ति के नाम पट्टा आवंटित नहीं हो सकता। इसी तरह सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जिले के कई लोग भी नियम विरुद्ध पट्टे आवंटित कराकर अवैध कब्जा किए हुए हैं।