मंडल में सबसे बेहतर हालत में पहुंचा शामली
शामली। सहारनपुर मंडल में शामली जिला बेहतर हालत में है। सबसे कम पॉजिटिव केस हैं और लंबित रिपोर्ट भी कम रह गई हैं। संक्रमण के संदेह में लिए गए सैंपल में दो फीसदी लोगों को संक्रमण की पुष्टि हुई, लेकिन संक्रमित मरीजों के ठीक होने की रफ्तार 80 फीसदी तक पहुंच गई।
24 मार्च को कैराना के युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जिले में उसी दिन से लॉक डाउन कर दिया गया था। सहारनपुर मंडल में ये सबसे पहला पॉजिटिव केस था। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में शनिवार तक कोरोना संक्रमण के संदेह में 858 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे गए थे, जिनमें से कुल 18 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। संक्रमित 18 लोगों में से 14 ठीक हो चुके हैं।
सकारात्मक सोच, बेहतर उपचार और पौष्टिक खाना
जिलाधिकारी जसजीत कौर के अनुसार कोरोना पॉजिटिव को कोविड-19 में रखकर बेहतर उपचार मिला, डॉक्टर और स्टॉफ ने उनमें सकारात्मक सोच भी पैदा की। उन्हें समझाया कि जल्द ठीक हो जाएंगे। परिजनों से भी फोन पर बात कराई, सबने हिम्मत दी। उपचार के दौरान दाल, सब्जी के अलावा हलवा आदि भी दिया गया। ये सब उन्हें ठीक करने में कारगर रहे।
मंडल में कोरोना का हाल
जनपद कुल पॉजिटिव केस लंबित रिपोर्ट
शामली 4 56
मुजफ्फरनगर 23 261
सहारनपुर 166 1017
नोट - आंकड़े रविवार तक की सूचना के आधार पर