हरियाणा की एक महिला का कैराना स्थित क्लीनिक पर अप्रशिक्षित महिला ने गर्भपात करा दिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। तहरीर मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कैराना नगर में क्लीनिक की आड़ में गर्भपात का अवैध धंधा चल रहा है। हरियाणा की एक महिला का क्लीनिक में अप्रशिक्षित महिला ने गर्भपात कर दिया। हालत बिगड़ने पर महिला को पानीपत में निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई ने क्लीनिक संचालक व अप्रशिक्षित महिला के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
हरियाणा के पानीपत निवासी युवक ने कैराना कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि चार दिन पहले उसकी विवाहित बहन अपनी महिला दोस्त के साथ कैराना में एक क्लीनिक में उपचार कराने के लिए आई थी। वह गर्भवती थी और उसे पेट में दर्द की शिकायत थी। आरोप है कि क्लीनिक में एक अप्रशिक्षित महिला ने उपकरणों से उसका गर्भपात कर दिया।
गर्भपात के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। रविवार शाम को जानकारी होने पर परिजन भी पानीपत से क्लीनिक पर पहुंचे, तो अप्रशिक्षत महिला ने उन्हें स्वास्थ्य में सुधार का आश्वासन देते हुए भर्ती रखा, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। रविवार रात सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की, तो संचालक व अप्रशिक्षित महिला ने शहर के अस्पताल में उसका अपने खर्च पर इलाज कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद महिला को गंभीर हालत में पानीपत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार सुबह 10 बजे महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को पानीपत में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने क्लीनिक संचालक और अप्रशिक्षित महिला के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि इस संबंध में तहरीर मिली थी, जिसे सीएमओ कार्यालय भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्लीनिक की जांच की जाएगी। इसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पहले पर्देदारी की कोशिश, फिर बरती लापरवाही
पीड़िता के भाई की ओर से कोतवाली में दी तहरीर में यह भी बताया गया कि क्लीनिक संचालक ने उपचार के लिए 42 हजार रुपये पानीपत अस्पताल में जमा कराए। इससे साफ है कि क्लीनिक में अवैध रूप से गर्भपात किया गया। इस पूरे मामले पर पहले पर्दा डालने की कोशिशें की जाती रहीं। यदि समय रहते महिला को उपचार मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के निशाने पर रहता है कैराना
जिले का कैराना, शामली और कांधला हरियाणा की स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम के निशाने पर रहा है। यहां भ्रूण लिंग परीक्षण की सूचनाओं पर छापा मारकर कार्रवाई भी की जाती रही है। कैराना में भी नवंबर 2020 में हरियाणा की टीम ने अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा था और मशीन को सील कर दिया गया था।