शामली के दो परिवारों पर बुधवार को गमों का पहाड़ टूट पड़ा। अपनों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मोहल्ला खैल कलां निवासी पांचों दोस्त हरियाणा के पानीपत में किसी कार्य से गए थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि लौटते वक्त उनके साथ हादसा हो जाएगा।
ऐसे हुआ हादसा, दो दोस्तों की मौत
रामडा बाइपास पर अचानक तेज गति से जा रही कार पलटने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए दोनों के शवों को अपने साथ ले गए। कार सवार पांचों युवक दोस्त थे और अविवाहित थे।
बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मोहल्ला खैल कलां निवासी फैजान (24), सलमान (25), फराज (22), अरशद (25) व सुहैब (20) आई-10 कार से पानीपत से कैराना लौट रहे थे। वहीं, नेशनल हाईवे 709 एडी स्थित रामडा बाइपास रोड मुर्गी फार्म के पास पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। आसपास के लोगों ने बताया कि कार कई बार पलटी खाने के बाद सड़क किनारे विद्युत खंभे पर लगी और लोहे की तान से टकराकर रुकी।