फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: 50 घरों के स्वावलंबन का दीया बुझा गई शाहिदा की मौत

Fri, 20 Nov 2026 02:02 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
बाबरी। कैड़ी गांव में मकान में लगी भीषण आग में शाहिदा समेत तीन लोगों की मौत ने सिर्फ एक परिवार को ही नहीं उजाड़ा, बल्कि गांव की 50 से अधिक महिलाओं के रोजगार का सहारा भी छीन लिया।
विज्ञापन

हादसे में जान गंवाने वाली शाहिदा केवल एक गृहिणी के साथ ही गांव की 50 महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी थीं। वह मुजफ्फरनगर से कांच के मोती लाकर गांव की महिलाओं से मालाएं बनवाती थीं और उन्हें मुजफ्फरनगर, बागपत व मेरठ सहित अन्य स्थानों पर सप्लाई करती थीं।
पति साजिद ने नम आंखों से बताया कि पहले उनकी मां हाजरा मेरठ जिले के हर्रा-खिवाई स्थित उनके मामा साजिद के यहां से मोती लाकर माला बनाने का काम करती थीं। करीब दो साल पहले मां के निधन के बाद पत्नी शाहिदा ने पूरी जिम्मेदारी के साथ इस कारोबार को संभाला और आगे बढ़ाया। उन्होंने गांव की 50 से अधिक महिलाओं को अपने साथ जोड़कर उन्हें घर बैठे रोजगार दिया।
विज्ञापन

बीमारी के कारण साजिद ने छोड़ दिया था काम, शाहिदा ही चला रही थीं घर
साजिद ने बताया कि पहले वह कार चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे, लेकिन पिछले करीब एक साल से बीमार रहने के कारण उन्होंने काम छोड़ दिया था। इसके बाद से शाहिदा ही माला बनाने और सप्लाई करने के काम से पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। शाहिदा की मौत से परिवार के साथ-साथ गांव की अन्य महिलाओं के सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

बोलीं महिलाएं : अब कैसे होगा परिवार का पालन-पोषण

अंजुम ने कहा शाहिदा के कारण ही हमें घर बैठे रोजगार मिला था। शाहिदा की मौत के बाद अब समझ नहीं आ रहा कि परिवार चलाने के लिए रोजगार कैसे मिलेगा। हर माह मालाएं बनाकर वह पांच से आठ हजार रुपये कमा रही थी।
विज्ञापन


कमरुन ने कहा कि शाहिदा बेहद नेक दिल थीं और हर किसी की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती थीं। उनका जाना पूरे मोहल्ले के लिए बड़ी क्षति है।

इरफाना ने कहा कि शाहिदा समय से पहले ही खुद हमारे घर तक मोती और सामान पहुंचा देती थीं, ताकि हमारे काम में कोई रुकावट न आए।

खुर्शीदा ने कहा कि शाहिदा की मौत से हमारे सामने भी दो वक्त की रोजी-रोटी का बड़ा नुकसान और संकट खड़ा हो गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें